घर की दीवारों पर अक्सर नजर आने वाली छिपकली को देखकर कई लोगों के मन में सवाल आता है कि क्या इसके काटने से जहर फैल सकता है. आमतौर पर भारत में घरों में मिलने वाली कॉमन हाउस गेको जहरीली नहीं होती. इसके काटने से सांप या जहरीले जीव की तरह विष शरीर में फैलने का खतरा नहीं माना जाता. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि छिपकली के काटने या संपर्क को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाए. इसके काटने से त्वचा पर छोटा घाव बन सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं छिपकली से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी.
क्या घर की छिपकली जहरीली होती है?
आम घरेलू छिपकली को जहरीला जानवर नहीं माना जाता. इसके मुंह में ऐसा जहर नहीं होता जो सामान्य काटने पर इंसान के शरीर में जहर फैलाकर गंभीर स्थिती पैदा करे. भारत में घरों में दिखने वाली छोटी छिपकलियां आमतौर पर कीड़े-मकौड़े खाती हैं और इंसानों से दूर रहने की कोशिश करती हैं. इनके द्वारा इंसान को काटना भी आम घटना नहीं है. हालांकि दुनिया में छिपकलियों की कुछ ऐसी प्रजातियां मौजूद हैं जिनमें जहर होता है. जैसे Gila monster और Mexican beaded lizard जहरीली छिपकलियों में गिनी जाती हैं.
छिपकली काट ले तो क्या करें?
अगर घर की छिपकली ने काट लिया है और त्वचा पर घाव बन गया है तो सबसे पहले घाव को साफ पानी और साबुन से अच्छी तरह धोएं. इससे घाव में मौजूद गंदगी और बैक्टीरिया को हटाने में मदद मिलती है. अगर खून निकल रहा है तो साफ कपड़े से हल्का दबाव डालकर खून के बहाव को रोकें. घाव को साफ रखने की कोशिश करें और उसे बार-बार छूने से बचें.
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
अगर काटने का घाव गहरा है, लगातार खून निकल रहा है, सूजन बढ़ रही है, तेज दर्द हो रहा है या घाव लाल और गर्म हो रहा है, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. बुखार, पस निकलना या घाव के आसपास सूजन फैलना संक्रमण के संकेत हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में मेडिकल जांच जरूरी है.
इसे भी पढ़ें : Dengue Vaccine: 2027 तक आएगी भारत की पहली डेंगू वैक्सीन, जानें यह कितनी असरदार?
क्या छिपकली के काटने से रेबीज हो सकता है?
रेबीज मुख्य रूप से स्तनधारी जानवरों से फैलने वाली बीमारी है. सामान्य घर की छिपकली से रेबीज होने का जोखिम नहीं माना जाता. इसलिए केवल घरेलू छिपकली के काटने को रेबीज का सामान्य स्रोत नहीं समझना चाहिए. हालांकि किसी भी पशु के काटने से त्वचा पर चोट लगी है तो घाव को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है.
छिपकली को हाथ से पकड़ने से बचें
घर की छिपकली आमतौर पर इंसानों से बचती है. उसे हाथ से पकड़ने या भगाने की कोशिश करने पर वह बचाव में काट सकती है. इसलिए उसे पकड़ने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना बेहतर है. घर में छिपकलियों की संख्या कम करने के लिए आसपास कीड़े-मकौड़ों की संख्या नियंत्रित रखें, खाने की चीजें खुली न छोड़ें और घर में साफ-सफाई बनाए रखना सबसे ज्यादा मददगार होता है.
इसे भी पढ़ें : पैसिव स्मोकिंग से भारत में 44.4 करोड़ लोग प्रभावित, चौंका देगी स्टडी
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.