भारत में UPI पेमेंट ने लोगों के पैसे भेजने और सामान खरीदने का तरीका काफी बदल दिया है। आमतौर पर UPI का इस्तेमाल करने के लिए स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत पड़ती है। लेकिन अब फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भी डिजिटल पेमेंट आसान होने वाला है। देसी मोबाइल कंपनी Lava ने अपने फीचर फोन पोर्टफोलियो में PhonePe की डिजिटल पेमेंट सुविधा को शामिल करने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इसके लिए यूजर्स को स्मार्टफोन या एक्टिव मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा NPCI की UPI 123PAY टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है।
शुरुआत में यह सुविधा Lava के दो एंट्री-लेवल फीचर फोन Lava A7 Torch (2026) और Lava A2 Smart में मिलेगी। दोनों फोन 2,000 रुपए से कम कीमत वाले सेगमेंट में आते हैं। लावा इसे अपने दूसरे फीचर फोन मॉडल्स तक भी पहुंचाने की है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो स्मार्टफोन इस्तेमाल नहीं करते या ऐसे इलाकों में रहते हैं जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी हमेशा अच्छी नहीं रहती।
बिना इंटरनेट कैसे होगा UPI Payment?
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत है कि UPI पेमेंट के लिए एक्टिव इंटरनेट या मोबाइल डेटा कनेक्शन जरूरी नहीं होगा। इसके लिए PhonePe की सुविधा NPCI की UPI 123PAY टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करती है। यह सिस्टम इंटरनेट डेटा पर निर्भर रहने के बजाय टेलीकॉम नेटवर्क और SMS आधारित कनेक्टिविटी का इस्तेमाल करता है।
पैसे भेजने से लेकर बैलेंस चेक तक कई काम
Lava फीचर फोन में PhonePe की सुविधा आने के बाद यूजर्स सिर्फ पैसे भेजने तक सीमित नहीं रहेंगे। यूजर्स अपने बैंक अकाउंट को लिंक कर सकते हैं, UPI PIN सेट कर सकते हैं और बैंक अकाउंट से जुड़े कई जरूरी काम कर सकते हैं। इसके अलावा अकाउंट बैलेंस चेक करने और मर्चेंट को पेमेंट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यानी जिस तरह स्मार्टफोन पर UPI का इस्तेमाल करके रोजमर्रा के पेमेंट किए जाते हैं, वैसे ही फीचर फोन यूजर्स के लिए भी सुविधा तैयार की जा रही है।