भारतीय रिफाइनरी कंपनियों ने लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर वेनेजुएला का तेल खरीदना शुरू कर दिया है. एक सरकारी और एक प्राइवेट रिफाइनरी ने वेनेजुएला से क्रूड ऑयल खरीदने का ऑर्डर दिया है. माना जा रहा है कि वेनेजुएला का तेल अन्य के मुकाबले सस्ता पड़ेगा.
भारत की 2 कंपनियों ने वेनेजुएला से क्रूड खरीदने का ऑर्डर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, दोनों रिफाइनरियों ने वेनेजुएला के कच्चे तेल का एक-एक लाख बैरल खरीदा है. यह भारी तेल दो अलग-अलग सौदों के तहत खरीदा गया है और इसे एक बड़े कच्चे तेल के जहाज पर एक साथ लोड किया जाएगा, जिससे शिपिंग लागत कम होगी. माना जा रहा है कि अप्रैल तक भारत की वेनेजुएला से कच्चे तेल का आयात कम से कम 60 लाख बैरल तक पहुंच जाएगा.
किससे खरीदा है तेल
सूत्रों का कहना है कि भारत पेट्रोलियम और HMEL ने यह तेल व्यापारी विटोल से खरीदा है. HMEL, जो सरकारी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्प और स्टील कारोबारी लक्ष्मी निवास मित्तल का संयुक्त उद्यम है, ने फरवरी 2024 में भी वेनेजुएला से तेल मंगवाया था. यह जानकारी LSEG और केप्लर के व्यापार डेटा से मिली है. भारतीय रिफाइनरियां वेनेजुएला से तेल खरीद रही हैं, ताकि वे अपनी आपूर्ति को विविध बना सकें, क्योंकि वे रूसी तेल का आयात कम कर रही हैं. इससे नई दिल्ली को वॉशिंगटन के साथ एक अंतरिम व्यापार समझौता करने में मदद मिली.
रूस से तेल खरीद बंद
HMEL ने अक्टूबर में रूसी तेल का आयात बंद कर दिया था. हालांकि भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर रूस से तेल आयात बंद करने की कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन भारतीय रिफाइनरियां रूसी तेल से दूरी बना रही हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडियन ऑयल कॉर्प और HPCL पहले भी वेनेजुएला का तेल दुबई कच्चे तेल के बेंचमार्क से करीब 6.5-7 डॉलर प्रति बैरल कम कीमत पर खरीद चुकी हैं. व्यापारी विटोल और ट्रैफिगुरा जनवरी से अमेरिकी लाइसेंस के तहत वेनेजुएला का तेल बेच रहे हैं, जो कराकास और वॉशिंगटन के बीच आपूर्ति समझौते का हिस्सा है.
रोजाना कितना तेल आएगा
BPCL अपने कच्चे तेल के कार्गो को दो हिस्सों में बांटेगी. एक हिस्सा केरल के कोच्चि पोर्ट पर 3.1 लाख बैरल प्रतिदिन की कोच्चि रिफाइनरी के लिए और दूसरा हिस्सा गुजरात के सिक्का पोर्ट पर 1.56 लाख बैरल प्रतिदिन की बीना रिफाइनरी के लिए उतारा जाएगा. HMEL गुजरात के मुंद्रा पोर्ट के जरिए अपने 2.26 लाख बैरल प्रतिदिन की बठिंडा रिफाइनरी के लिए कच्चा तेल मंगवाती है. अप्रैल में वेनेजुएला से अमेरिका को तेल निर्यात भी बढ़ने की उम्मीद है. रिफाइनर वलेरो एनर्जी मार्च में वेनेजुएला से 65 लाख बैरल तक कच्चा तेल मंगवाएगी.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.