Moong Dal Barfi: मुंह में घुल जाने वाला हलवाई जैसा स्वाद अब आपकी रसोई में मिलेगा. समस्तीपुर के अनुभवी कारीगर रंजीत कुमार ने शुद्ध देसी घी और मूंग दाल से बर्फी बनाने का वह गुप्त तरीका साझा किया है, जिससे घर की बनी मिठाई भी बाजार को मात देगी. बस कुछ खास ट्रिक्स और सही मात्रा का खेल है.
इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार चखने के बाद हर किसी का मन फिर से इसे खाने को करता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है, बस सही तरीका मालूम होना चाहिए. आज हम आपको इसी पारंपरिक मिठाई की आसान विधि और एक अनुभवी कारीगर के खास सुझावों के बारे में बता रहे हैं, जिससे आप भी घर पर शुद्ध और स्वादिष्ट बर्फी बना सकें.
नोट करें पूरी विधि
मूंग दाल की बर्फी बनाने के लिए एक कप धुली मूंग दाल, एक कप देसी घी, डेढ़ कप चीनी, थोड़ा इलायची पाउडर और मनपसंद ड्राई फ्रूट्स की जरूरत होती है. सबसे पहले दाल को लगभग चार घंटे पानी में भिगो दें, ताकि वह अच्छी तरह फूल जाए. इसके बाद पानी छानकर दाल को थोड़ी देर हवा में रखें, जिससे अतिरिक्त नमी निकल जाए। फिर मिक्सी में दाल को बारीक पीस लें. अब कढ़ाही में देसी घी गर्म करें और धीमी आंच पर पिसी हुई दाल को लगातार चलाते हुए भूनें.
ध्यान रखें कि दाल को लगातार चलाते रहना जरूरी है, ताकि वह नीचे से जले नहीं और समान रूप से सुनहरी हो जाए. जब दाल से खुशबू आने लगे और रंग हल्का सुनहरा से गाढ़ा होने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स मिला दें. अलग से तैयार की गई चीनी की चाशनी को इसमें मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो उसे घी लगी हुई थाली में फैलाकर बेलन से समतल कर दें और ठंडा होने पर मनचाहे आकार में काट लें.
कारीगर ने बताई रेसिपी
स्थानीय कारीगर रंजीत कुमार बताते हैं कि मूंग दाल की बर्फी बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस प्रक्रिया सही होनी चाहिए. उनके अनुसार दाल को भिगोने से लेकर भूनने तक हर चरण में धैर्य जरूरी है. वे कहते हैं कि यदि एक किलो दाल से बर्फी बनानी हो तो लगभग एक किलो देसी घी का इस्तेमाल करना चाहिए, तभी स्वाद और बनावट बेहतर आती है. अच्छी तरह भुनी हुई दाल में जब चाशनी मिलाई जाती है, तब उसे तुरंत समतल जगह पर फैलाना चाहिए, ताकि मिश्रण जमने से पहले आकार दिया जा सके.
रंजीत कुमार बताते हैं कि तैयार उत्पाद लगभग तीन किलो तक बन जाता है और बाजार में इसकी कीमत 500 से 600 रुपये प्रति किलो तक होती है. उनका कहना है कि अगर शुद्ध देसी घी और सही मात्रा का इस्तेमाल किया जाए, तो घर पर बनी बर्फी भी बाजार की मिठाई को टक्कर दे सकती है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.