आठवें वेतन आयोग के नाम पर वॉट्सऐप पर एक खतरनाक स्कैम चल रहा है, जिसमें केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को निशाना बनाया जा रहा है. ठग मैसेज भेजकर संशोधित वेतन का कैलकुलेशन देखने के लिए एक लिंक पर क्लिक करने को कहते हैं. लिंक पर क्लिक करते ही एक फर्जी APK फाइल डाउनलोड होती है, जिसमें मैलवेयर छिपा होता है. जिससे आपकी सारी जानकारी स्कैमर्स के पास चली जाती है. वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी में बढ़ती रुचि के कारण यह स्कैम तेजी से फैल रहा है और लाखों कर्मचारियों व पेंशनर्स के लिए बड़ा खतरा बन सकता है.
धोखेबाज आपके फोन का पूरा कंट्रोल आपसे ले लेते हैं. फिर वह आपकी बैंक डिटेल्स चुराते हैं और आपके खाते से पैसे निकाल लेते हैं. यह स्कैम बहुत खतरनाक साबित हो रहा है क्योंकि एक करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स इससे प्रभावित हो सकते हैं. कई लोग 8वें वेतन आयोग की खबरों को बढ़ने में इंटरेस्ट लेते हैं, इसलिए वे तुरंत ऐसी लिंक पर क्लिक कर देते हैं.
सरकार ने जारी की चेतावनी
स्कैमर्स के द्वारा भेजे गए मैसेज, बिल्कुल असली नजर आते हैं, लेकिन सरकार कभी वॉट्सऐप या किसी मैसेजिंग ऐप पर APK फाइल नहीं भेजती. सरकार ने खुद इसकी चेतावनी जारी की है. इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर यानी I4C ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके बताया कि कई कर्मचारियों ने ऐसे संदिग्ध मैसेज रिपोर्ट किए हैं. 8वें वेतन आयोग की असली स्थिति यह है कि सरकार ने इसकी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की है. वहां सही जानकारी मिलती है और लोग फीडबैक भी दे सकते हैं. वेतन, भत्ते और सेवा शर्तों पर सुझाव मांगे जा रहे हैं. लेकिन कोई भी APK या ऐप वॉट्सऐप से नहीं आता. स्कैमर्स इसी का फायदा उठा रहे हैं. मैसेज में लिखा होता है कि 8वें वेतन आयोग के तहत आपका अनुमानित नया वेतन देखें, लिंक पर क्लिक करें. लेकिन क्लिक करने पर फोन में मैलवेयर आ जाता है. फिर धीरे-धीरे बैंक से पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं और पीड़ित को इसके बारे में बाद में पता चलता है.
साइबर एक्सपर्ट्स की राय
सरकार और साइबर एक्सपर्ट्स ने साफ कहा है कि ऐसे स्कैम ज्यादा टारगेटेड हो गए हैं. वे मुनाफा दिखाते हैं या तुरंत अपडेट का वादा करके लोगों को फंसाते हैं. कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें. APK फाइल डाउनलोड न करें, चाहे मैसेज कितना भी आधिकारिक लगे. वेतन या पेंशन की जानकारी के लिए सिर्फ सरकारी आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें.
कैसे रहें इन स्कैम से सुरक्षित?
सुरक्षा के लिए कुछ आसान टिप्स हैं. सबसे पहले मैसेज देखकर थोड़ा रुकें और उसके बाद चेक करके ही उसे खोलें. अगर कोई लिंक है तो उसे इग्नोर करें. अज्ञात स्रोत से कोई फाइल या ऐप कभी न डाउनलोड करें. फोन में अंजान ऐप्स इंस्टॉल करने की परमिशन बंद रखें. अगर कोई संदेह हो तो सीधे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक करें. बैंक अकाउंट की गतिविधि नियमित देखते रहें. अगर कुछ गड़बड़ लगे तो तुरंत बैंक और साइबर सेल को रिपोर्ट करें. अगर आप भी ऐसे मैसेज पा रहे हैं तो उन्हें डिलीट करें और इसके बारे में साइबर पुलिस को जानकारी दें.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.