पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के पिछले चार वर्षों में 1.89 लाख करोड़ रुपये के निवेश आकर्षित किए जाने के साथ राज्य एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र और पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है। आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, इस निवेश से 6.31 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है और यह पारंपरिक औद्योगिक केंद्रों से आगे बढ़कर राज्य में औद्योगिक वृद्धि को गति दे रहा है।
बयान में कहा गया कि नए निवेश प्रस्तावों में मोहाली 9,478 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे रहा, जबकि लुधियाना 4,968 करोड़ रुपये के निवेश के साथ दूसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री मान ने शुक्रवार को यहां उद्योग विभाग के कामकाज की समीक्षा की। मान ने कहा, ‘‘निवेश का यह बड़ा स्तर पंजाब के औद्योगिक परिवेश में घरेलू और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
हमारी सरकार बेहतर बुनियादी ढांचे, उत्तरदायी प्रशासन और आसान मंजूरी प्रक्रियाओं के साथ पारदर्शी तथा निवेशकों के अनुकूल कारोबारी माहौल बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एआईसीएचआई स्टील्स, वर्धमान, नेस्ले, हिंदुस्तान लीवर, कारगिल, डी ह्यूस, एचएमईएल, संथान टेक्सटाइल्स और फ्रायडेनबर्ग जैसी कई प्रमुख राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने पंजाब में निवेश किया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.