किआ ने सोरेन्टो का ऑफिशियल टीजर रिलीज करके भारत में इसकी एंट्री को कन्फर्म किया है। खास बात यह है कि भारत में सोरेन्टो को हाइब्रिड एसयूवी के तौर पर लॉन्च किया जाएगा। आइए डीटेल में जानते हैं इसकी खूबियों के बारे में।
बोल्ड और दमदार होगा डिजाइन
कंपनी के टीजर में सोरेन्टो का लुक काफी बड़ा नजर आता है। एसयूवी में लंबा और अपराइट डिजाइन, मजबूत शोल्डर लाइन और चौड़ा स्टांस दिया गया है। इससे साफ है कि किआ इसे एक प्रीमियम फैमिली एसयूवी के तौर पर पेश करने वाली है, जिसमें रोड प्रेजेंस के साथ अच्छी प्रैक्टिकलिटी पर भी फोकस रहेगा। फ्रंट प्रोफाइल में आपको जबर्दस्त लाइटिंग सेटअप देखने को मिलेगा। टीजर में बोनट के पास एक एंगुलर इल्यूमिनेटेड लाइटिंग ग्राफिक दिखाई देता है, जबकि बंपर के निचले हिस्से में एक अलग लाइटिंग क्लस्टर दिया गया है।
सेफ्टी के मामले में भी मजबूत रिकॉर्ड
सोरेन्टो का ग्लोबल सेफ्टी रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। एसयूवी को IIHS Top Safety Pick+ और 5-Star NHTSA Safety Rating जैसे अवॉर्ड मिल चुके हैं। इसके अलावा इसे Car and Driver’s Editors’ Choice अवॉर्ड भी मिला है। भारत आने वाली सोरेन्टो को किआ की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के साथ पेश किया जाएगा।
किआ की प्रीमियम SUV रेंज होगी मजबूत
किआ लगातार अपने प्रीमियम SUV पोर्टफोलियो को मजबूत करने पर काम कर रही है और सोरेन्टो की एंट्री इसी स्ट्रैटिजी का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक, नई सोरेन्टो अपने बोल्ड डिजाइन, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और बेहतर versatility के साथ इस सेगमेंट में नए स्टैंडर्ड सेट करने की कोशिश करेगी। सोरेन्टो ने साल 2002 में ग्लोबल डेब्यू किया था और अब तक इसके चार जनरेशन मार्केट में आ चुके हैं। दुनियाभर में इसके 48 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं और यह 132 देशों में सेल के लिए उपलब्ध रही है। 2024 और 2025 में भी यह दुनिया के टॉप-3 सबसे ज्यादा बिकने वाले मॉडल्स में शामिल थी।
प्री-बुकिंग शुरू
किआ इंडिया को उम्मीद है कि सोरेन्टो भारतीय ग्राहकों के बीच कंपनी की प्रीमियम एसयूवी रेंज को नई पहचान देगी। भारत में इसकी ऑफिशियल लॉन्चिंग से पहले इसको खरीदने की चाहत रखने वाले ग्राहक किआ इंडिया की डीलरशिप या कंपनी की वेबसाइट के जरिए नई सोरेन्टो को प्री-बुक कर सकते हैं। हाइब्रिड पावरट्रेन, प्रीमियम फीचर्स और बड़े एसयूवी डिजाइन के साथ सोरेन्टो की एंट्री प्रीमियम एसयूवी सेगमेंट में कॉम्पेटिशन को बढ़ा सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.