Khushboo Patani: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी (Disha Patani) की बहन खुशबू पाटनी (Khushboo Patani) ने ट्विशा, मोनिका और दीपिका जैसे दहेज हत्या मामलों पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ तीन नाम नहीं, बल्कि उस भयावह सच का हिस्सा हैं, जहां हर दिन कई बेटियां लालच और क्रूरता की भेंट चढ़ जाती हैं।
खुशबू पाटनी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो जारी कर कहा, ‘ट्विशा (भोपाल), मोनिका (ग्रेटर नोएडा) और दीपिका (नोएडा) जैसे कई मामले हाल के समय में सुर्खियों में रहे हैं। इन सभी महिलाओं की मौत दहेज प्रथा के कारण हुई और इन्हें ‘डाउरी डेथ’ के रूप में दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश में करीब 6 हजार दहेज हत्याएं दर्ज हुई हैं, जबकि असल संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई मामले कभी सामने ही नहीं आ पाते।’
हर दिन 13 से 15 लड़कियां गंवा रही जान- खुशबू
उन्होंने आगे कहा कि आंकड़ों के मुताबिक हर दिन 13 से 15 लड़कियां दहेज के कारण अपनी जान गंवा रही हैं। सबसे दुखद बात यह है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली क्रूरता में सबसे बड़ा कारण उनके अपने पति और ससुराल वाले बनते हैं।
गोल्ड डिगर न बनें लड़के-लड़कियां- खुशबू
खुशबू ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि रिश्तों को लालच का जरिया न बनाएं। उन्होंने कहा कि गोल्ड डिगर न बनें। उन्होंने लड़कों और उनके परिवारों से अपील की कि वे किसी लड़की के परिवार की कमाई, गाड़ी, सोना या अन्य सामान की उम्मीद न रखें। अगर लड़के आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हैं, तो शादी का फैसला भी सोच-समझकर लें। उन्होंने कहा कि शादी जिम्मेदारी है, सौदा नहीं।
किन लड़कों से बनानी चाहिए दूरी?
उन्होंने लड़कियों को सलाह देते हुए कहा कि शादी से पहले ऐसे लड़कों से दूरी बना लें, जो अपने परिवार की गलत मांगों के खिलाफ खड़े नहीं हो सकते। उन्होंने यह भी कहा कि पति-पत्नी को अपनी जिंदगी अपने दम पर बनानी चाहिए और माता-पिता पर बोझ बनने के बजाय अपने खर्च और शादी की जिम्मेदारी खुद उठानी चाहिए।
खुशबू पाटनी ने लड़कियों को दी ये खास सलाह
इसके साथ ही खुशबू पाटनी ने महिलाओं को आर्थिक रूप से जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि प्यार के नाम पर कभी भी अपनी संपत्ति, कैश, गोल्ड या अधिकार किसी और के नाम न करें। माता-पिता की संपत्ति पर बेटी का पूरा अधिकार होता है, लेकिन उस पर किसी और का दावा नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, अगर रिश्ते सम्मान, सुरक्षा और बराबरी नहीं दे सकते, तो ऐसे रिश्तों से दूर रहना ही बेहतर है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.