कर्नाटक में डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली चुनावी लड़ाई में, सत्तारूढ़ कांग्रेस ने गुरुवार (18 जून 2026) को विधान परिषद की सात सीटों में से पांच पर जीत हासिल की, जबकि विपक्षी बीजेपी ने दो सीट जीतीं. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और जेडीएस दोनों ही दलों के विधायकों की ओर से ‘क्रॉस-वोटिंग’ की गई, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवारों को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले. कर्नाटक विधानसभा के सदस्यों ने विधान सौध में हुए चुनाव में मतदान किया. सात सीटों के चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में थे.
ये उम्मीदवार थे चुनावी मैदान में
चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पीवी मोहन, बीके हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, विनय कार्तिक प्रकाश, बीजेपी के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जेडीएस के गोविंदराजू शामिल हैं. कांग्रेस के पांचों उम्मीदवारों और बीजेपी के दोनों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि जेडीएस के गोविंदराजू को हार का सामना करना पड़ा.
यह चुनाव कराने की इसलिए जरूरत पड़ी क्योंकि विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है. इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बीके हरिप्रसाद, बीजेपी के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर और जेडीएस के गोविंदराजू शामिल हैं.
डीके शिवकुमार ने क्रॉस वोटिंग को दावे को नकारा
मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को विधान परिषद चुनाव में संभावित क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने इसके लिए कोई विशेष रणनीति नहीं बनाई है और उन्हें मतदान में हिस्सा लेने वाले विधायकों के विवेक पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा कि गुप्त मतदान प्रणाली होने के कारण क्रॉस वोटिंग को लेकर अभी से अटकलें लगाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हम क्रॉस वोटिंग में शामिल नहीं होना चाहते और न ही हमें इसके बारे में कोई जानकारी है. यह गुप्त मतदान वाला चुनाव है.’
उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वह विधायकों के साथ बैठकें कर रहे थे, लेकिन इसका उद्देश्य राजनीतिक प्रबंधन नहीं बल्कि मतदान प्रक्रिया को सही तरीके से समझाना था.उन्होंने कहा कि वरीयता आधारित मतदान प्रणाली काफी जटिल है और इस बार करीब 60 से 70 विधायक पहली बार चुने गए हैं. ऐसे में छोटी सी गलती भी मतपत्र को अमान्य बना सकती है.
ये भी पढ़ें : इधर यूएस-ईरान की हुई डील, उधर भारत को मिलने जा रही कल बड़ी खुशखबरी! दूर होगी रसोई गैस की किल्लत
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.