भारत में अक्सर लोग अपने घर के बाहर सड़कों पर ही कार या बाइक पार्क कर देते हैं। लेकिन अगर आप बेंगलुरु में रहते हैं, तो जल्द ही यह आदत आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है।
गाड़ियों के हिसाब से फीस तय होगी
अगर यह नीति लागू होती है, तो घर के बाहर सड़क पर गाड़ी पार्क करने के लिए गाड़ियों के हिसाब से फीस तय होगी। ड्राफ्ट के अनुसार, छोटी कारों के मालिकों को 15,000 रुपये, सेडान कारों के लिए 20,000 रुपये और एसयूवी के मालिकों को हर साल 25,000 रुपये तक की फीस देनी पड़ सकती है। अब तक घर के बाहर बिना किसी रोक-टोक के पार्किंग की जाती रही है, लेकिन नए नियम लागू होने के बाद बिना परमिट के सड़क पर गाड़ी खड़ी करना मुमकिन नहीं होगा।
प्रति घंटे पार्किंग चार्ज भी बढ़ेगा
दूसरी ओर कमर्शियल और गैर-रिहायशी सड़कों पर भी प्रति घंटे पार्किंग का शुल्क बढ़ा दिया गया है। सड़कों को यातायात और व्यावसायिक महत्व के आधार पर कैटेगरी A, B और C में बांटा जाएगा। कारों के लिए कैटेगरी C सड़क पर पार्किंग फीस 40 रुपये प्रति घंटा, कैटेगरी B पर 60 रुपये और सबसे प्रीमियम कैटेगरी A सड़कों पर 80 रुपये प्रति घंटा होगी। बाइक और स्कूटर के लिए भी यह दर 20 रुपये से लेकर 40 रुपये प्रति घंटा तक रखी जा सकती है।
ऑफ-स्ट्रीट पार्किंग होगी सस्ती
सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम को कम करने के लिए सरकार ऑफ-स्ट्रीट पार्किंग को काफी सस्ता बनाने की योजना बना रही है। संगठित पार्किंग कॉम्प्लेक्स में कार पार्क करने का खर्च 20 से 40 रुपये प्रति घंटा और दोपहिया वाहनों के लिए 10 से 20 रुपये प्रति घंटा रहेगा। इसके अलावा, जो लोग मंथली पास बनवाएंगे, उन्हें और भी छूट मिलेगी। कारों का मासिक पास 2,000 से 4,000 रुपये और दोपहिया वाहनों का 1,000 से 2,000 रुपये के बीच होगा।
पीक आवर्स में भी बदलेंगे रेट
ड्राफ्ट नीति का एक और बड़ा मकसद सड़कों पर गाड़ियों को लंबे समय तक पार्क करने से रोकना है। यदि कोई गाड़ी 2 घंटे से ज्यादा समय के लिए सड़क पर खड़ी रहती है, तो पार्किंग चार्ज बढ़ा दिया जाएगा। साथ ही, पीक आवर्स (ज्यादा ट्रैफिक वाले समय) में शुल्क अलग हो सकता है। फिलहाल नगर विकास विभाग ने 11 अगस्त को इसका नोटिफिकेशन जारी किया है और 30 दिनों के भीतर जनता से सुझाव मांगे हैं। अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता है, तो बेंगलुरु का पार्किंग सिस्टम पूरी तरह बदल जाएगा और लोगों को सड़कों की बजाय तय पार्किंग लॉट्स का रुख करना पड़ेगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.