कन्नौज जिले के तालग्राम क्षेत्र में पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी के दौरान 10.026 किलोग्राम सोना बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। इस मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने पुलिस पर बरामद सोने की कुछ ईंटें ‘‘गायब’’ करने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को सकरावा के थाना प्रभारी भागमल सिंह की सरकारी गाड़ी को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 171.200 के पास एक कार ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दुर्घटनाग्रस्त सरकारी वाहन के करीब 100 मीटर आगे टक्कर मारने वाली कार खड़ी मिली जिसमें दो लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक के बताया कि पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान महराजगंज निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल निवासी सरोज पंत के रूप में बताई।
संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई, जिसमें एक बैग से सोने की 10 ईंटें मिलीं। दोनों कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सके। पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक के अधिकृत स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता से जांच कराई, जिसमें इसके 24 कैरेट सोना होने की पुष्टि हुई।
बरामद सोना 10.026 किलोग्राम था। पुलिस ने जीएसटी विभाग की टीम को भी बुलाया। टीम ने प्रथम दृष्टया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की तस्करी की आशंका जताई और मामले की विस्तृत जांच सीमा शुल्क विभाग से कराने की बात कही।
अधिकारी ने बताया कि बरामद सोना सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है। इस बीच अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर आरोप लगाया कि पुलिस ने 16 सोने की ईंटें ‘‘गायब’’ कर दीं। उन्होंने कहा, “दस दिखाया, सोलह गटकाया, ‘भाजपा’ की पुलिस की माया।”
यादव ने कहा, ‘‘कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुई दुर्घटना में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्कुट पकड़े लेकिन दिखाए गए केवल 10 किलो के बिस्कुट।’’
यादव ने कहा, ‘‘अब ध्यान ये रखना है कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्कुटों को भी ‘पीली धातु’ कहकर सरकारी हिसाब में दर्ज न कर ले और बाद में पीतल के बिस्कुट से बदलकर ये सारे सोने के बिस्कुट भी गटक न जाए।’’
उन्होंने कहा कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली, यही है ‘‘डबल इंजन’’ सरकार के ‘‘धंधे’’ का असली रास्ता।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.