जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण द हंड्रेड से बाहर हो गईं हैं। वह टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव का प्रतिनिधित्व कर रही थीं और अब उनके एशिया कप में भी हिस्सा लेने पर संशय है।
सदर्न ब्रेव ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान
सदर्न ब्रेव ने एक्स पर पोस्ट किया, ”हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रोड्रिग्स के चोट के कारण ‘द हंड्रेड’ से बाहर हो जाने के बाद बाकी बचे मैचों के लिए उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है। जेमी हम आपके जल्द से जल्द फिट होने की कामना करते हैं।” 25 वर्षीय जेमिमा ने ब्रेव की तरफ से छह पारियों में 35.75 के औसत और 131.19 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 42 रन रहा। महिला टी20 एशिया कप 28 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें भारत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। जेमिमा के पास इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट तक फिट होने के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय है।
भारत को भी लग सकता है झटका
उनका बाहर होना ब्रेव के लिए बड़ा झटका है। जेमिमा इस टूर्नामेंट की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में से एक हैं। ब्रेव के पास सीधे फ़ाइनल में जगह बनाने के लिए अभी दो मैच बाक़ी हैं। उन्हें अपने आख़िरी लीग मुकाबले मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और ट्रेंट रॉकेट्स के ख़िलाफ़ खेलने हैं। यह भारत के लिए भी चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि इस महीने के अंत में यूएई में महिला एशिया कप शुरू होना है। जेमिमाह की हैमस्ट्रिंग चोट कितनी गंभीर है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। संभव है कि उनके चोट को बढ़ने से रोकने के लिए यह एहतियाती फ़ैसला लिया गया हो। भारत का अभियान 30 अगस्त को दुबई में थाईलैंड के ख़िलाफ़ मैच से शुरू होगा, जो अब 22 दिन दूर है।
ब्रेव ने जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है। नॉट इससे पहले 2024 संस्करण में भी ब्रेव के लिए खेल चुकी हैं। इंग्लैंड में इस टी20 सीज़न में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने द ब्लेज़ के लिए वाइटैलिटी ब्लास्ट विजेता अभियान में 404 रन बनाए और 27 विकेट लिए, जो टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.