जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए कोई भी मिठाई बनाएं, मावा यानी खोया तो चाहिए ही रहता है। इसे बनाने के लिए गैस पर घंटों दूध को पकाना पड़ता है, लेकिन इस ट्रिक से 5 मिनट में आप मावा बनाकर तैयार कर सकते हैं, वो भी कम दूध से।
कम टाइम में बनाकर तैयार करें हलवाई जैसा खोया
मावा यानी खोया बनाने में सबसे बड़ी दिक्कत होती दूध को गैस पर घंटों खड़े हो कर चलाना। फिर इसमें कई लीटर दूध पकाने के बाद बिल्कुल जरा सा मावा बनकर तैयार होता है। ऐसे में ये इंस्टेंट खोया आपके बड़े काम आ सकता है। सिर्फ कुछ मिनटों में बन जाता है और बहुत ही कम दूध में आप ढेर सारा मावा बनाकर तैयार कर सकते हैं। बाजार का मिलावटी खोया नहीं लेना चाहते हैं, तो इस तरह से जन्माष्टमी भोग के लिए तैयार कर सकते हैं।
सिर्फ 3 चीजों की होगी जरूरत
इंस्टेंट मावा बनाने के लिए आपको सिर्फ और सिर्फ तीन चीजों की जरूरत होगी- फुल क्रीम दूध (1/4 कप), मिल्क पाउडर (सूखा दूध) (1/4 कप) और देसी घी (1 चम्मच)। इस माप से आप 300 ग्राम के करीब खोया बना सकते हैं।
स्टेप बाय स्टेप देखें बनाने का तरीका
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा देसी घी डालें। फिर साथ में दूध और मिल्क पाउडर एड करें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह से आपस में मिक्स कर लें, ताकि किसी तरह की कोई गुठलियां ना रहें। अब गैस ऑन करें और धीमी आंच पर इस मिक्सचर को पकने दें। इसे तब तक पकाएं, जबतक ये मिक्सचर गाढ़ा हो कर मावे जैसा नहीं हो जाता। ये कुछ ही मिनटों में गाढ़ा हो जाता है। फिर गैस को बंद कर दें और फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें।
हर मिठाई में यूज कर सकते हैं ये मावा
ठंडा होने के बाद ये नॉर्मल मावे की तरह थोड़ा सा हार्ड हो जाएगा। अब आप इससे कोई भी मिठाई बना सकते हैं। बिल्कुल दूध पकाकर बने हुए मावे जैसा ही टेस्ट आता है। जन्माष्टमी पर आप इससे भगवान श्रीकृष्ण के लिए लड्डू, पेड़ा, बर्फी या पंजीरी जैसी कोई भी मिठाई बना सकते हैं।
काम की बात- ये खोया मिल्क पाउडर से बनता है, जिसमें पहले से चीनी होती है। इसलिए ये मावा भी थोड़ा सा ज्यादा मीठा होता है। मिठाई में चीनी मिलाते हुए इस बात को जरूर ध्यान में रखें।
(Images Credit- Pinterest, Instagram)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.