जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को क्या भोग लगाया जाए कि प्रसन्न हो जाएं? अगर आपका भी यही सवाल है तो आइए जानते हैं प्रेमानंद जी महाराज के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का मनपसंद भोग क्या है। साथ ही इन्हें बनाने का तरीका भी जानेंगे।
ये दो भोग हैं कान्हा को अत्यंत प्रिय
प्रेमानंद जी महाराज बताते हैं कि जन्माष्टमी वाले दिन भगवान श्रीकृष्ण को 2 चीजों का भोग जरूर लगाना चाहिए। माखन और चावल के आटे का मालपुआ भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है। पारंपरिक रूप से जन्माष्टमी वाले दिन इन दोनों चीजों का भोग भगवान को लगाया जाता रहा है। तो चलिए फटाफट से इन्हें बनाने का तरीका भी जान लेते हैं, ताकि जन्माष्टमी वाले दिन आप भी कान्हा का मनपसंद भोग बनाकर तैयार कर सकें।
गाय के दूध से बनाएं ताजा माखन
गाय के दूध से बना ताजा माखन भगवान श्रीकृष्ण को सबसे प्रिय है। इसलिए जन्माष्टमी वाले दिन इसे घर पर जरूर बनाना चाहिए। इसके लिए आपको ठंडी फ्रिज में रखी हुई मलाई लेनी है। अब इसे लगातार घुमाते हुए फेंटना शुरू करें। आप देखेंगे कि पानी अलग होना शुरू हो गया है। अब इसमें बिल्कुल चिल्ड यानी बर्फ वाला पानी मिलाएं और हाथों की मदद से माखन निकालकर अलग कर लें। इस माखन में आप मिश्री मिलाकर मीठा कर सकते हैं।
जरूरी टिप- कान्हा के भोग के लिए माखन बना रहे हैं तो ज्यादा पुरानी मलाई ना लें। साथ ही ध्यान रहे मलाई एक अलग और साफ बर्तन में इक्कठा करें और जूठा बिल्कुल ना करें।
चावल के आटे का मालपुआ ऐसे बनाएं
चावल के आटे का मालपुआ बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- चावल का आटा (1 कप), मैदा (2 चम्मच), बेकिंग सोडा (1/4 चम्मच), गुनगुना दूध (1 कप), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), सौंफ (आधा चम्मच) और तलने के लिए देसी घी। इसके अलावा चाशनी बनाने के लिए आपको एक कप चीनी और आधा कप पानी लेना है। इस माप को ध्यान में रखकर आप एकदम परफेक्ट मालपुआ बना सकते हैं।
बनाने का तरीका- मालपुआ का भोग बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में चावल का आटा, मैदा, बेकिंग सोडा और गुनगुना दूध मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। अब इसमें सौंफ और इलायची पाउडर मिलाएं। घोल ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए, ना ही बहुत पतला। जैसा डोसा के लिए बैटर बनता है, उसी तरह का घोल रखें।
इसके साथ ही चाशनी बनाकर रेडी कर लें। इसके लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर पकने दें और एक तार की चाशनी बनाकर तैयार कर लें। आप इसमें हरी इलायची और केसर के धागे भी मिला सकते हैं। अब एक कड़ाही में देसी घी गर्म करें। मालपुआ के बैटर को चमचे की मदद से तेल में डालकर पुआ बना लें। इसे दोनों तरफ से गोल्डन होने तक फ्राई कर लें।
जैसे ही मालपुआ बन जाए उसे तुरंत चीनी की चाशनी में डाल दें। इसे कुछ देर के लिए चाशनी में ही डूबा हुआ रहने दें। चावल के आटे का मालपुआ बनकर तैयार है।
काम की टिप- अगर आप अलग से चाशनी नहीं बनाना चाहते हैं तो मालपुआ के बैटर में ही चीनी मिलाकर बना सकते हैं।
(All Images Credit- Pinterest)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.