Janhvi Kapoor Objectification: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर की नई फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से काफी क्रेज बना हुआ था। इस फिल्म के रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर कमाई की बौछार होने लगी है। लेकिन फिल्म रिलीज होते ही एक बड़े विवाद में घिर गई है। फिल्म देखने के बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स मेकर्स पर बुरी तरह भड़क गए हैं। लोगों का आरोप है कि जाह्नवी कपूर के किरदार का केवल इस्तेमाल किया गया है और कैमरे पर उनके बॉडी पार्ट्स को बहुत ही गलत तरीके से बार-बार दिखाया गया है। अब इस मामले में नया मोड़ यह आया है कि खुद जाह्नवी कपूर भी मेकर्स के इस बर्ताव से अंदर ही अंदर काफी नाराज बताई जा रही हैं। इस बात की पुष्टी उनके द्वारा लाइक किए गए एक पोस्ट से हो रही है।
जाह्नवी कपूर के सोशल मीडिया रिएक्शन से मचा बवाल
दरअसल सोशल मीडिया पर इन दिनों एक इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल पोस्ट में फिल्म ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के रोल को लेकर मेकर्स पर तीखा हमला किया गया था और इसे किसी भी एक्ट्रेस के लिए सबसे बुरा अपमान बताया गया। पोस्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि फिल्म के डायरेक्टर जाह्नवी कपूर की कमर, पेट और पीठ को स्क्रीन पर दिखाने के लिए कुछ ज्यादा ही उतावले थे और उन्होंने फिल्म में बहुत ज्यादा बोल्ड शॉट्स डाल दिए हैं। इस पोस्ट को और ज्यादा हवा तब मिली जब खुद जाह्नवी कपूर ने इसे लाइक किया। हालांकि बाद में उन्होंने इस लाइक को हटा लिया था, लेकिन तब तक फैंस इसके स्क्रीनशॉट ले चुके थे और यह बात इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई।
डायरेक्टर ने नजरअंदाज की जाह्नवी की आपत्ति
इस वायरल पोस्ट में एक और बड़ा खुलासा किया गया है। इसके मुताबिक जब फिल्म की एडिटिंग यानी पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा था, तब जाह्नवी कपूर ने इन आपत्तिजनक शॉट्स को खुद देखा था और मेकर्स पर सवाल उठाए थे। उन्होंने एक प्रोफेशनल तरीके से अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी और अपनी सीमाएं तय की थीं। इसके बावजूद फिल्म के डायरेक्टर ने बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाई करने के चक्कर में जाह्नवी कपूर की बात को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और फाइनल फिल्म में उन सारे सीन्स को वैसा ही रखा। इससे साफ है कि जाह्नवी ने अपने लिए आवाज तो उठाई थी, लेकिन डायरेक्टर की जिद के आगे उनकी एक न चली।
फिल्म के सीन्स पर उठ रहे हैं गंभीर सवाल
फिल्म ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर ‘अचियम्मा’ नाम की लड़की का रोल प्ले कर रही हैं। फिल्म के रिव्यू भी बेहद खराब आ रहे हैं और क्रिटिक्स इसे बहुत ही पिछड़ी सोच वाली फिल्म बता रहे हैं। रिव्यू के मुताबिक फिल्म में जाह्नवी की एंट्री का सीन ही बहुत अजीब और आपत्तिजनक है, जहां राम चरण का किरदार उनकी बॉडी को लेकर बेहद भद्दे कमेंट्स करता है। इतना ही नहीं, एक सीन में राम चरण का किरदार रात में जबरदस्ती जाह्नवी के घर में घुस जाता है और उन्हें किस करने की कोशिश करता है। जाह्नवी बार-बार खुद को छुड़ाती हैं और विरोध करती हैं, लेकिन हीरो इसे अपना प्यार जताने का तरीका बताता है। लोग पूछ रहे हैं कि आज के जमाने में मेकर्स आखिर क्या सोचकर ऐसी फिल्में बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस के बीच छिड़ी बहस
जाह्नवी कपूर के इस पोस्ट को लाइक करने के बाद इंटरनेट पर दर्शकों के बीच दो तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग जाह्नवी कपूर का पूरा सपोर्ट कर रहे हैं और फिल्म के डायरेक्टर को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं कि उन्होंने एक्ट्रेस की सहमति का सम्मान नहीं किया। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग जाह्नवी कपूर और राम चरण दोनों पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतने बड़े स्टार्स होने के बावजूद उन्होंने ऐसी बकवास और आपत्तिजनक कहानी के लिए हां ही क्यों कही। हालांकि इन तमाम विवादों के बीच मूवी के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन काफी अच्छा हुआ है, अब देखना यह है कि राम चरण की यह फिल्म आगे कितनी कमाई कर पाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.