Jailer 2 vs Vshwambhara: साउथ के मेगास्टार रजनीकांत एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट का आधिकारिक एलान कर दिया गया है। फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हालांकि फैंस को फिल्म के लिए कुछ महीनों का और इंतजार करना होगा, लेकिन यह इंतजार और भी रोमांचक होने वाला है क्योंकि खबर है कि इसी दौरान चिरंजीवी की फिल्म ‘विश्वम्भरा’ भी रिलीज हो सकती है, जो साल 2026 का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश साबित हो सकता है।
फिल्म के निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा कर दिया है। इस वीडियो में फिल्म के कुछ सीन्स के साथ ही लास्ट में रजनीकांत की एक झलक भी दिखाई गई है। निर्देशक ने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘जेलर 2’का तूफान 15 अक्टूबर 2026 से दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा। इस खबर के बाद से फैंस काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
‘जेलर 2’ एक मल्टीस्टारर फिल्म होने वाली है, जिसमें पहले पार्ट की तरह ही बड़े स्टार्स का जमावड़ा देखने को मिलेगा। फिल्म में रजनीकांत के साथ मोहनलाल, शिव राजकुमार, योगी बाबू, विद्या बालन, विजय सेतुपति और मिथुन चक्रवर्ती मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके साथ ही फिल्म में ऋतिक रोशन का एक खास कैमियो भी देखने को मिलेगा।
दूसरी ओर चिरंजीवी की फिल्म ‘विश्वम्भरा’ को लेकर भी काफी चर्चा है। इस साल चिरंजीवी के लिए काफी सफल रहा है और उनकी पिछली फिल्म मन शंकर वर प्रसाद गारु बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई है। चर्चा है कि पहले अगस्त में आने वाली फिल्म ‘विश्वम्भरा’ अब ‘जेलर 2’ के ठीक एक दिन पहले यानी 14 अक्टूबर 2026 को रिलीज की जा सकती है। यदि ऐसा होता है, तो बॉक्स ऑफिस पर दो बड़े दिग्गजों की भिड़ंत देखना दर्शकों के लिए एक बड़ा अनुभव होगा।