गुरुग्राम, एक अक्टूबर इटली की एक महिला ने गुरुग्राम साइबर पुलिस से शिकायत की है कि गुरुग्राम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर प्यार का झांसा देकर उससे 1,000 यूरो ठग लिए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। महिला ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने उससे शादी करने का झूठा इरादा जताया था और पैसे मिलने के बाद उससे सारे संपर्क तोड़ लिए।।
अधिकारी ने बताया कि इटली में दर्ज शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं होने से निराश महिला पाओला बर्तोलिनी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची और गुरुग्राम साइबर पुलिस से संपर्क किया। बर्तोलिनी ने साइबर सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) गौरव फोगाट से मुलाकात की और उन्हें अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर पुलिस अधिकारियों से अपनी मुलाकात का विवरण भी साझा किया।
उन्होंने लिखा, ‘‘मैं एक अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी की शिकायत करने इटली से आई हूं। शिकायत में एक एनआरआई (अनिवासी भारतीय) खाते के साथ विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) का उल्लंघन, प्रेम संबंध का झांसा देकर ठगी करना, इंस्टाग्राम पर मादक पदार्थों का प्रचार और फर्जी ईमेल का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खातों को खाली करने का आरोप शामिल हैं। महिला ने दावा किया कि व्यक्ति गुरुग्राम में ही रहता है।’’
बर्तोलिनी ने कहा, ‘‘मैं एसीपी गौरव फोगाट से बात करने के बाद इटली से उड़ान भरकर गुरुग्राम साइबर थाने पहुंची।
उन्होंने तुरंत मेरी मदद की और अपनी शानदार टीम को इसकी जानकारी दी। पूरी साइबर टीम बहुत पेशेवर और मददगार थी।’’
महिला ने कहा कि उसने इटली में भी अपराध की शिकायत की थी, लेकिन वहां इस मामले में लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई क्योंकि दोनों सरकारों को समन्वय करना होता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इटली में इस तरह के अपराध को कमतर आंका जाता है, जबकि यह बहुत बड़ा और गंभीर अपराध है।
पुलिस अधिकारी का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि वह आरोपी के पकड़े जाने का इंतजार कर रही हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस देश और विदेश से मिलने वाली साइबर अपराध की शिकायतों को गंभीरता से लेने और पीड़ितों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऐसे मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी फोगाट ने कहा, ‘‘तकनीकी निगरानी और बैंक खाते के विवरण के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.