तेल अवीव, दो अक्टूबर (एपी) इजराइल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए शुक्रवार से विमानों का परिचालन शुरू करेगा। दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं इस सप्ताह एक पायलट पर उसके सह-पायलट द्वारा किए गए हमले के बाद स्थगित कर दी गई थीं। सह-पायलट ने तेल अवीव जा रही उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी।
बुधवार को दुबई से रवाना हुए विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने और उसमें सवार सभी लोगों की जान खतरे में डालने वाले सह-पायलट के मकसद के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी नहीं है। संयुक्त अरब अमीरात ने इजराइल जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जिससे आम दिनों में दोनों देशों के बीच यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक इजराइली अधिकारी ने बताया कि इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात ने शुक्रवार से उड़ानों का परिचालन शुरू करने पर सहमति जताई है।
इससे पहले, राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘एल अल’ ने कहा था कि संयुक्त अरब अमीरात दुबई में उसकी उड़ानों के उतरने के लिए जरूरी अनुमति जारी करने में देरी कर रहा है। तेल अवीव के बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सूची में शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के दुबई से आने वाली उड़ानों के लिए अर्किया और इस्रायर एयरलाइन के नाम दर्ज थे। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुबई से तेल अवीव आ रहे ‘फ्लाईदुबई’ के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने के कथित प्रयास में शामिल सह-पायलट को “इस्लामी, कट्टरपंथी विचारधारा का पाठ पढ़ाया गया था।”
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें मिली शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि हमले के तार तेहरान से जुड़े हैं, लेकिन उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया।
ट्रंप ने कहा था कि यदि हमले में ईरान का हाथ पाया गया तो अमेरिका ‘‘बहुत कड़ी कार्रवाई’’ करेगा। बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेड 1073 के कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उड़ान का सह-पायलट विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन विमान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने बहादुरी से मुकाबला करते हुए उसके प्रयास को विफल कर दिया।
कैप्टन मच्छार के साहस और बहादुरी की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। मच्छार का अबू धाबी के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। यूएई के वरिष्ठ राजनयिक सलाहकार अनवर गर्गश ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘फ्लाईदुबई’ हमले को एक ‘‘गंभीर आतंकवादी कृत्य’’ बताया।
उन्होंने घटना को भयावह त्रासदी में बदलने से रोकने का श्रेय उड़ान के कैप्टन को दिया। ट्रंप के इस बयान कि हमले के तार ईरान से जुड़े हो सकते हैं, ईरान में सात महीने से जारी युद्ध को समाप्त करने को लेकर जारी राजनयिक प्रयासों के संबंध में अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। ईरानी अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि उन्हें संघर्ष समाप्त करने के लिए तेहरान के नये प्रस्ताव पर अमेरिका की आधिकारिक प्रतिक्रिया मिल गई है।
ट्रंप ने कुछ ही दिन पहले सार्वजनिक रूप से इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.