मिचेल स्टार्क की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) और आखिरी ओवरों में अक्षर पटेल तथा इम्पैक्ट प्लेयर आशुतोष शर्मा की तूफानी पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से शिकस्त दे दी। इस अहम जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के इस सीजन में अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। इस जीत के बाद दिल्ली की टीम 13 मैचों में 12 अंक लेकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स 12 मैचों में 12 अंकों के साथ छठे स्थान पर खिसक गई है। समान अंकों (12 अंक) के साथ चेन्नई सुपर किंग्स बेहतर रन रेट के आधार पर पांचवें पायदान पर काबिज है।
जीत के लिये 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 19 रन की जरूरत थी और इंपैक्ट सब आशुतोष ने 19वें ओवर में बृजेश शर्मा को छक्का और आखिरी ओवर की पहली दो गेंदों में एडम मिल्ने को चौका और छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई। अक्षर 18 गेंद में 34 और आशुतोष पांच गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस जीत के बाद दिल्ली 13 मैचों में 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है जबकि रॉयल्स 12 मैचों में 12 अंक लेकर छठे स्थान पर खिसक गए हैं।वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के भी 12 मैचों में 12 अंक है लेकिन बेहतर रनरेट के आधार पर वह पांचवें स्थान पर है।
इससे पहले स्टार्क के चार गेंद में तीन विकेट के बूते आखिरी ओवरों में वापसी करते हुए दिल्ली ने अपने घरेलू मैदान पर इस सत्र के आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट पर 193 रन पर रोक दिया।
एक समय पर लग रहा था कि रॉयल्स 230 के आसपास पहुंच जायेगी लेकिन सीम और स्विंग के महारथी आस्ट्रेलियाई धुरंधर स्टार्क ने 15वें ओवर में आक्रामक खेल रहे रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (26 गेंद में 51) और डोनोवन फरेरा (0) को लगातार गेंद पर आउट किया जबकि रवि सिंह (चार) भी पगबाधा आउट हुए।
रॉयल्स का स्कोर 14वें ओवर के बाद दो विकेट पर 160 रन था और लग रहा था कि टीम 230 के आसपास पहुंच जायेगी लेकिन आखिरी छह ओवर में सिर्फ 33 रन बने और छह विकेट गिर गए। स्टार्क ने चार ओवर में 40 रन देकर चार, लुंगी एंगिडि ने चार ओवर में 24 रन देकर और माधव तिवारी ने 27 रन देकर दो दो विकेट लिये।
स्टार्क का चौथा शिकार दासुन शनाका (10) बने जो 19वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को कैच देकर लौटे।
जवाब में दिल्ली की शुरूआत अच्छी रही और अभिषेक पोरेल (30 गेंद में 50 रन) के साथकेएल राहुल (42 गेंद में 56) ने पहले विकेट की साझेदारी में 60 गेंद में 105 रन जोड़े।
राहुल को पहले ही ओवर में आर्चर की गेंद पर यशराज पुंजा ने जीवनदान दिया। रॉयल्स की फील्डिंग बहुत ही औसत स्तर की रही और ओवरथ्रो में फालतू रन देने के साथ उसके क्षेत्ररक्षकों ने कैच भी टपकाये।
इस साझेदारी को बृजेश शर्मा ने तोड़ा जिन्होंने 11वें ओवर में पोरेल को डोनोवन फरेरा के हाथों लपकवाया। राहुल को दासुन शनाका ने बोल्ड किया। इस सत्र में 500 से ज्यादा रन बना चुके राहुल ने काफी धीमी पारी खेली। आखिरी तीन ओवर में दिल्ली को 35 रन चाहिये थे और रॉयल्स के कप्तान रियाग पराग ने 18वां ओवर डोनोवन परेरा को दे दिया जिन्होंने 16 रन दिये। डेविड मिलर और अक्षर पटेल ने उन्हें छक्के लगाये।
इससे पहले रॉयल्स के लिये पराग के अलावा ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी (21 गेंद में 46 रन) और ध्रुव जुरेल (40 गेंद में 53 रन) ने उपयोगी पारियां खेली।आईपीएल के इस सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यवंशी को देखने के लिये अरूण जेटली स्टेडियम में भारी तादाद में दर्शक पहुंचे थे और इस युवा बल्लेबाज ने उन्हें निराश भी नहीं किया।
पहले ओवर में स्टार्क का सामना हालांकि यशस्वी जायसवाल ने किया और उन्हें फॉरवर्ड स्क्वेयर लेग, स्ट्रेट तथा एक्स्ट्रा कवर में चौके लगाये। सूर्यवंशी ने लुंगी एंगिडि को पहली गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला।
इसी ओवर में हालांकि जायसवाल (नौ गेंद में 12 रन) पवेलियन लौट गए जिनका कैच स्टार्क ने लपका।
स्टार्क का स्वागत अगले ओवर में सूर्यवंशी ने शार्ट थर्डमैन पर चौके के साथ किया। सौ से ज्यादा टेस्ट खेल चुके स्टार्क की 140 किमी रफ्तार की गेंद पर पूरी सहजता से सूर्यवंशी ने लांग लेग की तरफ ऊंचा छक्का लगाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आईपीएल में पदार्पण कर रहे त्रिपुराना विजय को दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने पावरप्ले के भीतर ही गेंद सौंप दी जिन्हें तीन चौके और एक छक्का लगाकर सूर्यवंशी ने दबाव में ला दिया। वह हालांकि खुशकिस्मत रहे कि समीर रिजवी उनका कठिन कैच नहीं लपक सके जब वह 31 रन पर थे। मिड आन से पीछे की ओर भागते हुए रिजवी ने गेंद को लपकने के लिये दिशा बदली लेकिन उनका अनुमान गड़बड़ा गया।
दूसरे छोर से जुरेल ने मुकेश कुमार को छक्का लगाकर दूसरे विकेट के लिये 23 गेंद में 50 रन की साझेदारी पूरी की। पावरप्ले के छह ओवरों के बाद रॉयल्स का स्कोर एक विकेट पर 75 रन था।
अक्षर ने आठवें ओवर में गेंद माधव तिवारी को सौंपी जिन्होंने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरकर सूर्यवंशी (पांच चौके और तीन छक्के) की पारी का अंत किया। सूयवंशी का कैच डेविड मिलर ने लपका।
सूर्यवंशी के जाने के बाद कप्तान पराग ने मोर्चा संभाला और 11वें ओवर में अक्षर को दो छक्के लगाये।
पिछले ओवर में माधव की गेंद पर सीमारेखा के पास ट्रिस्टन स्टब्स ने उनका कैच लपका और अंपायर ने आउट भी करार दिया लेकिन रिव्यू से पता चला कि गेंद जमीन को छू गई थी लिहाजा अंपायर का फैसला बदला।
पराग ने 12वें ओवर में मुकेश की गेंदों की जमकर धुनाई करते हुए 23 रन निकाले जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था। इसमें लांग आन पर एक छक्का तो 89 मीटर का था।पराग ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से पूरा किया।
इसके बाद स्टार्क 15वें ओवर में गेंदबाजी के लिये आये और रॉयल्स को अपेक्षित स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया।
For the latest scores, match updates, and in-depth
coverage, explore
Live Cricket Updates in Hindi on Prabhasakshi
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.