इंडोनेशिया के जावा सागर में दो सप्ताह पहले पलटी एक नौका के मलबे से बचाव दल ने और शव बरामद किए हैं, जिससे हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के अभियान निदेशक युधि ब्रामंत्यो ने बताया कि हादसे के बाद से अब भी लापता 71 लोगों की तलाश के लिए जारी अभियान को सात दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी के मारे जाने की आशंका है।
‘वर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ नामक नौका 213 यात्रियों और चालक दल के 30 सदस्यों को लेकर सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के लिए रवाना हुई थी। बाद में उसका अपने संचालक से संपर्क टूट गया। अब तक 108 लोगों को बचाया जा चुका है।
ब्रामंत्यो ने बताया कि बचाव दल ने शुक्रवार को डूबी नौका के अंदर से चार और शव बरामद किए, जबकि सात अन्य शव आसपास के तटों से मिले। उन्होंने बताया कि अभियान की हर तीन दिन में समीक्षा की जाएगी और इसके बाद तय किया जाएगा कि इसे जारी रखना है या नहीं। इंडोनेशिया में नियमों के तहत खोज एवं बचाव अभियान आमतौर पर सात दिन तक चलता है लेकिन अधिकारियों को अतिरिक्त पीड़ितों के मिलने की संभावना होने पर इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।
इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों वाला द्वीपसमूह है, जहां यात्रा के लिए नौकाओं का आम तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। यहां नौका दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं और इनके लिए सुरक्षा नियमों को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किए जाने को अक्सर जिम्मेदार ठहराया जाता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.