ग्लास्गो, 27 जुलाई दो बार के ओलंपियन भारतीय तैराक साजन प्रकाश ने सोमवार को यहां सभी हीट (शुरुआती दौर) में कुल छठे स्थान पर रहते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। साजन हीट नंबर दो में एक मिनट 58.59 सेकेंड के समय के साथ स्कॉटलैंड के डंकन स्कॉट से पीछे रहे जिन्होंने एक मिनट 58.29 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। आठ तैराकों का फाइनल आज रात ही होगा।
ऑस्ट्रेलिया के हैरिसन टर्नर क्वालीफिकेशन में एक मिनट 56.47 सेकेंड के साथ शीर्ष पर रहे। उनके बाद न्यूजीलैंड के लुईस क्लेयरबर्ट (एक मिनट 57.35 सेकेंड) और इंग्लैंड के एडवर्ड मिल्ड्रेड (एक मिनट 57.99 सेकेंड) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। साजन कनाडा के बेंजामिन लोवेन (एक मिनट 58.87 सेकेंड) और ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू टेम्पल (एक मिनट 59.06 सेकेंड) से आगे रहे।
इस 32 वर्षीय भारतीय तैराक ने इसी साल सिंगापुर राष्ट्रीय आयु वर्ग तैराकी चैंपियनशिप में एक मिनट 57.09 सेकेंड का अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.