भारत का एशियाई खेलों में कैनोइंग प्रतियोगिता में शुक्रवार को प्रदर्शन निराशाजनक रहा तथा उसके खिलाड़ी पिछले खेलों का प्रदर्शन नहीं दोहरा पाए और पदक से चूक गए। पुरुषों की कयाक फोर टीम फाइनल ए के लिए क्वालीफाई तो कर गई लेकिन सातवें स्थान पर रही। पुरुषों की कयाक डबल टीम फाइनल बी में तीसरे स्थान पर रही। महिलाओं की कैनोइंग डबल टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। भारत शनिवार को कैनोइंग प्रतियोगिता में दो और स्पर्धाओं भाग लेगा, लेकिन दोनों में ही पदक जीतने की संभावना कम है।
हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत ने पुरुषों की 1000 मीटर डोंगी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था, जिसमें अर्जुन सिंह और सुनील सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे। एशियाई खेलों के मौजूदा कार्यक्रम से इस स्पर्धा को हटा दिया गया है, जो भारत के लिए बड़ा झटका था। पुरुषों की कयाक डबल 500 मीटर में पुरोहित बरोई और प्रसन्ना कुमार चेम्पाडियिल सत्यप्रकाश की जोड़ी ने सेमीफाइनल एक में 1:40.308 के समय के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
पदक की दौड़ से बाहर होने के बाद उन्होंने फाइनल बी में 1:40.411 के समय में चार जोड़ियों में तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं की 500 मीटर कैनोइंग डबल स्पर्धा में मेघा प्रदीप और नेहा देवी लीचोनबम ने सेमीफाइनल एक में पांच जोड़ियों में चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने 2:08.306 का समय निकाला और फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाईं।
धनमंजुरी देवी ख्वैराकपम, पूजा, सोनिया देवी फैरेम्बम और पार्वती गीता की महिला कयाक टीम ने फाइनल ए में 1:45.670 का समय निकालकर आठवां और अंतिम स्थान हासिल किया। भारत को पुरुषों की कयाक चार 500 मीटर में लैटोनजम नाओचा सिंह, वरिंदर सिंह, ओइनम अरुण सिंह और हर्षवर्द्धन सिंह शक्तावत से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन नौ टीम के फाइनल ए में उन्होंने 1:28.982 के समय के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.