अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की तारीखें और स्थान तय कर दिए हैं। तीनों मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। 13, 15 और 17 सितंबर को मुकाबले होंगे।
एसीबी ने क्रिकबज को भेजे पत्र में क्या लिखा?
एसीबी ने सोमवार, 10 अगस्त को एक पत्र के माध्यम से अपने वाणिज्यिक भागीदारों को कार्यक्रम की जानकारी दी। बोर्ड ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के साथ तारीखों पर चर्चा की गई और सहमति बनी। हालांकि, आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है। क्रिकबज को मिले पत्र में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीम खान ने लिखा “एसीबी पुष्टि करता है कि भारत का अफगानिस्तान दौरा 2026 (इवेंट) 13 से 17 सितंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। एसीबी यह भी पुष्टि करता है कि इवेंट की तारीखें बीसीसीआई के साथ तय कर ली गई हैं और मैचों के स्थान भी अंतिम रूप दे दिए गए हैं।”
ओवरलैप हो रही है तीरीख
इस औपचारिक पुष्टि का भारत के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे के आखिरी मैच से सीधे टकरा रहा है। भारत को 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचना था, जहां उसे तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने थे। वनडे मैच 1, 3 और 6 सितंबर को होने थे, जबकि टी20 मैच 9, 12 और 13 सितंबर को खेले जाने थे। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरा टी20 मैच और अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 मैच 13 सितंबर को होने हैं। यहां तो तारीखें सीधे टकरा रही हैं और अगर ऐसा नहीं भी होता और मुकाबला 13 की जगह 14 या 15 सितंबर को ही दिल्ली में रखा जाता तब भी बांग्लादेश से सीधे दिल्ली आना और 2 दिन का भी रेस्ट किए बिना सीधा अगली सीरीज खेल लेना लगभग असंभव प्रतीत होता है।
सवाल, क्या BCCI ने अफगानिस्तान को तरजीह दी है?
इससे यही साफ होता है कि जब तक बांग्लादेश दौरे के कार्यक्रम में पर्याप्त फेरबदल, कटौती या स्थगन नहीं होता, तब तक अफगानिस्तान और भारत के बीच टी-20 सीरीज इन डेट्स पर संभव नहीं हैं। सैद्धांतिक रूप से दोनों सरकारों के अंतिम समय में हस्तक्षेप की संभावना बनी हुई है, लेकिन एसीबी द्वारा बीसीसीआई के साथ तारीखों पर सहमति की घोषणा से संकेत मिलता है कि अफगानिस्तान सीरीज को अब प्राथमिकता दी गई है।
प्रसारकों और व्यावसायिक साझेदारों को भी दे दी गई है सूचना
एसीबी ने प्रसारकों और व्यावसायिक साझेदारों को भी सूचित किया कि वे श्रृंखला की तैयारी शुरू कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा, “यद्यपि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस कार्यक्रम के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई है, एसीबी भारत के अफगानिस्तान दौरे 2026 की निर्धारित तिथियों और स्थानों की आधिकारिक पुष्टि के रूप में यह पत्र जारी कर रहा है। इसी के अनुसार, सभी मीडिया अधिकार धारक दिए गए कार्यक्रम के आधार पर अपनी अग्रिम योजना, समय-निर्धारण और उत्पादन व्यवस्था, संसाधन आवंटन, प्रचार गतिविधियों और अन्य संबंधित तैयारियों को आगे बढ़ा सकते हैं।” मीडिया अधिकार रखने वाली ITW Universe, लीनियर ब्रॉडकास्ट अधिकारों के लिए JioStar, Sony Sports और Zee Unite8 के साथ बातचीत कर रही है। डिजिटल अधिकार FanCode के पास हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.