बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के आरोप से जुड़े मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सुनवाई 14 सितंबर तक स्थगित कर दी है। राज्य सरकार ने जांच आगे बढ़ाने के लिए समय मांगा है।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल खेल चुके पोरेल को सोमवार रात हुगली जिला पुलिस ने मेडिकल की एक छात्रा की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ यौन संबंध बनाए। चिनसुरा की जिला अदालत ने पोरेल की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इससे पहले कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मामले में पोरेल की गिरफ्तारी का निर्देश देने के साथ ही शिकायतकर्ता की तस्वीरों के प्रसार को रोकने के लिए उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का भी आदेश दिया था।
सोमवार रात को किया गया गिरफ्तार
मंगलवार को हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुनार भूषण सिंह ने पीटीआई को बताया, ”उसके (अभिषेक) खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसे गिरफ्तार करने का अदालत का आदेश था। उसे कल देर रात गिरफ्तार किया गया। उसे आज अदालत में पेश किया गया।” पोरेल को मोगरा पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के दम दम स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
क्या हैं अभिषेक पोरेल पर आरोप?
कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे लगभग साढ़े तीन साल से ‘रिलेशनशिप’ में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने एक साथ विदेश यात्रा की थी लेकिन पोरेल ने बाद में अपने रिश्ते से इनकार कर दिया जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था लेकिन उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। जून की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और टीमें चंदननगर में पोरेल के आवास पर कई बार गईं लेकिन वह वहां नहीं मिले। महिला ने बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जिसके बाद अदालत ने पुलिस को 20 जुलाई को पोरेल को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। क्रिकेटर पर बलात्कार के आरोप के अलावा आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के आरोप भी शामिल हैं।
पोरेल ने पहले आरोपों से इनकार किया था। पोरेल और उनके परिवार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.