अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग की तूफानी पारियों तथा यशवर्धन चौहान के शानदार अर्धशतक की मदद से भारत की अंडर-19 टीम ने बारिश से प्रभावित युवा वनडे मैच में शुक्रवार को यहां ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 पर सात रन से रोमांचक जीत हासिल की। बारिश के कारण यह मैच 20-20 ओवर का कर दिया गया। चौहान ने 34 गेंदों में 54 रन जबकि पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने मात्र 18 गेंदों में 38 रन बनाए।
इससे भारत छह विकेट पर 182 रन बनाने में सफल रहा। इस मैच में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अंडर-19 में पदार्पण भी किया। उन्होंने 26 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि उनके पिता उन्हें खेलते हुए देख रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 की टीम सात विकेट पर 175 रन ही बना पाई। एक समय वह लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में दिख रही थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसकी यह मंशा पूरी नहीं होने दी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कप्तान जैक चोस्नेक ने 27 गेंदों में 55 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज नील पटेल (31 गेंदों में 45 रन) और हेडन बारबुलोविक (24 गेंदों में 40 रन) ने ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरुआत दी, जिसके बाद चोस्नेक ने पारी की कमान संभाली। हालांकि 19वें ओवर में चोस्नेक के आउट होने से मेहमान टीम की जीत हासिल करने की उम्मीदें खत्म हो गईं। चौहान ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए।
इससे पहले छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अन्वय ने अपनी विस्फोटक पारी में दो चौके और तीन छक्के जड़े। भारत का स्कोर एक समय चार विकेट पर 88 रन था लेकिन अन्वय की शानदार पारी से वह चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। चौहान ने पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 54 रन की शानदार पारी खेली।
चौहान और अन्वय ने 69 रन की साझेदारी की। भारत ने अपने अंतिम 10 ओवरों में 108 रन बनाए। इससे पहले आर्यवीर ने भारत अंडर-19 टीम के लिए अपने पदार्पण मैच में पारी की शुरुआत करते हुए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ 45 रन की साझेदारी की।
आर्यवीर के पदार्पण ने काफी सुर्खियां बटोरीं। सहवाग भी अपने बेटे को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। अन्वय इस साल की शुरुआत में श्रीलंका में हुई युवा वनडे सीरीज में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.