भारत और इंग्लैंड की टीमें टी20 वर्ल्ड कप में 5 बार आमने-सामने रही हैं, उसमें दो सेमीफाइनल मुकाबले भी शामिल हैं. भले ही आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी है, लेकिन इंग्लैंड से कड़ी टक्कर देखने को मिली है. तीन बार भारत ने जीत दर्ज की है तो दो बार इंग्लैंड हारने में कामयाब रहा है. दो सेमीफाइनल मुकाबलों में एक बार इंग्लैंड ने जीत हासिल की तो भारत ने अगला सेमीफाइनल जीतकर हिसाब बराबर कर लिया. आइए आपको सभी 5 मुकाबलों को थोड़ा विस्तार से बताते हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का कैसा है रिकॉर्ड?
भारत ने जीता था पहला मैच
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड पहली बार साल 2007 में आमने-सामने आए, जिसमें युवराज सिंह ने लगातार 6 गेंदों पर छक्के लगाते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया. भारत ने 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 200/6 का स्कोर ही बना सकी और भारत ने 18 रन से मैच अपने नाम कर लिया.
2009 में इंग्लैंड ने लिया बदला
टी20 वर्ल्ड कप 2009 में इंग्लैंड ने अपनी पिछली हार का बदला लिया. लंदन में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने 7 विकेट खोकर 153 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम 5 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी. यूसुफ पठान ने 17 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 33 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सके.
भारत का फिर पलटवार
टी20 वर्ल्ड कप 2012 में ग्रुप-ए के इस मैच में भारत ने गौतम गंभीर (45), रोहित शर्मा (नाबाद 55) और विराट कोहली (4) की शानदार पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 14.4 ओवरों में 80 रन पर ऑलआउट हो गई.
10 साल बाद इंग्लैंड की जबरदस्त वापसी
भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2022 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मैच खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने पूरे 10 विकेट से जीत हासिल की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए. इसके जवाब में कप्तान जोस बटलर (नाबाद 80) और एलेक्स हेल्स (नाबाद 86) ने बतौर सलामी बल्लेबाज 16 ओवरों में टीम को जीत दिलाई.
भारत ने हिसाब किया बराबर
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में दोनों देशों के बीच एक बार फिर सेमीफाइनल खेला गया, जिसमें भारत ने पिछली करारी हार का बदला लेते हुए 68 रन से जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 7 विकेट खोकर 171 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवरों में महज 103 रन पर सिमट गई.
वानखेड़े में कैसा है आंकड़े?
वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें इस फॉर्मेट में दो बार भिड़ चुकी हैं. 2012 में पहला मुकाबला खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत लिया. 13 साल बाद फिर दोनों टीमें इस मैदान पर 2025 में आमने-सामने रहीं, जिसमें भारत ने पिछला हिसाब चुकता करते हुए 150 रन से बड़ी जीत दर्ज की. देखना यह होगा कि आगामी नॉकआउट मुकाबले में कौन बाजी मारता है. जो भी टीम जीतेगी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच जाएगी.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.