भारत ने हॉन्ग-कॉन्ग पर 137 रनों से बड़ी जीत दर्ज करते हुए विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। लीग स्टेज का भारत का तीसरा और आखिरी मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ अभी भी बाकी है।
भारत ने हॉन्ग-कॉन्ग पर दर्ज की रिकॉर्ड जीत
स्मृति मंधाना की ऐतिहासिक पारी के दम पर भारत ने विमेंस एशिया कप 2026 में हॉन्ग कॉन्ग पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। मंधाना ने इस मैच में 64 गेंदों पर 124 रनों की धमाकेदार पारी खेली। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाली महिला खिलाड़ी बनने के साथ-साथ विमेंस क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर भी बनी। रनों के मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान मिताली राज का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा।
मंधाना के इस शतक के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 193 रन बोर्ड पर लगाए। जिसके जवाब में हॉन्ग कॉन्ग की पूरी टीम 16.2 ओवर में महज 56 रनों पर ही सिमट गई।
दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 9 रन खर्च कर सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए, वहीं श्री चरणी, नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत को 2-2 सफलताएं मिलीं।
ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल में भारत नंबर-1
विमेंस एशिया कप 2026 में लगातार दूसरी और बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया पहले पायदान पर बनी हुई है। भारत के 2 मैचों में 4 अंक हो गए हैं। यहां गौर करने वाली बात भारत का नेट रन रेट है। थाइलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को बड़े अंतर से हराने के बाद भारत का नेट रन रेट 5.77 का है, जो फिलहाल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहीं किसी भी टीम से सबसे अधिक है। ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम पाकिस्तान हो सकती है। वहीं ग्रुप-बी में श्रीलंका इस समय दो जीत के साथ पहले पायदान पर है, वहीं बांग्लादेश दूसरे। इन चारों टीमों के बीच सेमीफाइनल की अधिक संभावनाएं हैं।
सेमीफाइनल में भारत के अलावा अभी तक किसी टीम ने प्रवेश नहीं किया है तो यह साफ नहीं है कि टीम इंडिया का नॉकआउट में मैच किसके साथ होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.