(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 30 जुलाई नेपाल के कोशी प्रांत में भारत की सीमा से लगे सुनसरी जिले के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा के बाद बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी रहा। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सुनसरी के सहायक मुख्य जिला अधिकारी पोषण लामिछाने ने कहा कि जिले में सुरक्षा स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को पहली बार कर्फ्यू लगाया था। बाद में इसका विस्तार करते हुए पूर्व-पश्चिम राजमार्ग समेत 10 इलाकों को इसके दायरे में शामिल कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के तहत आवाजाही, एकत्र होने, प्रदर्शन करने, जनसभा करने और धरने देने जैसी लोगों की गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, विभिन्न संवेदनशील इलाकों और सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने देश में, विशेष रूप से सुनसरी जिले में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है।
दो धार्मिक समुदायों के उत्सव के दौरान हुए विवाद के बाद आपस में भिड़े समूहों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों सहित 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.