- कॉपी लिंक
केंद्र ने एअर इंडिया के CEO तेवोल्डे गेब्रेमारियम को दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन चूक के मामले में मंगलवार को समन भेजकर जवाब मांगा है। यह मामला 3 विदेशी नागरिकों से जुड़ा है।
दरअसल, तीन पैसेंजर्स ने 4 सितंबर को अमृतसर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी और उसके बाद दिल्ली से म्यूनिख के लिए लुफ्थांसा की उड़ान ली थी।
सूत्रों ने बताया कि उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रोसेस पूरी नहीं की थी। हालांकि, इस घटना पर एअर इंडिया की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

मंत्रालय ने पूछा- बिना इमिग्रेशन क्लीयरेंस कैसे रवाना हुए विदेशी
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने इस घटना को सुरक्षा और इमिग्रेशन से जुड़ी गंभीर चूक माना है। मंत्रालय ने एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि तीनों विदेशी नागरिक बिना जरूरी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी किए एयरपोर्ट से कैसे रवाना हो गए।
एयरलाइन से घटना की पूरी परिस्थितियों और जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब एअर इंडिया को मंत्रालय के नोटिस का जवाब देना होगा। जवाब मिलने के बाद मंत्रालय मामले की समीक्षा करेगा और जरूरत के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।
7 सितंबर को चेयरमैन ने कहा था- सुरक्षा सबसे ऊपर होनी चाहिए
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कुछ दिन पहले ही सुरक्षा और जवाबदेही को एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया था।
उन्होंने कहा था कि यात्रियों का भरोसा वापस जीतना जरूरी है। इसके लिए बेहतर प्रक्रियाएं, सख्त नियमों का पालन और हर स्तर पर जवाबदेही तय करनी होगी।
चंद्रशेखरन ने कहा था कि एअर इंडिया की पहचान ऐसी एयरलाइन की होनी चाहिए, जो हर चीज से ऊपर सुरक्षा को प्राथमिकता दे और जिसका सुरक्षा रिकॉर्ड दुनिया की बेहतरीन एयरलाइनों से भी बेहतर हो।
——————————–
ये खबर भी पढ़ें…
1 सितंबर से इंटरनेशनल पैसेंजर्स के लिए नियम बदले, अब बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन की स्टैम्पिंग जरूरी नहीं होगी

भारत के बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स से विदेश यात्रा करने वाले भारतीय और विदेशी नागरिकों के लिए 1 सितंबर से हवाई यात्रा से जुड़े नियम आसान होने जा रहे हैं। अब इमिग्रेशन काउंटरों पर फिजिकल बोर्डिंग पास पर मुहर यानी स्टैम्प लगाने की अनिवार्यता खत्म की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
