श्रीलंका के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने कहा है कि सोनल दिनुषा मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। सोनल ने भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में तीन शतकीय पारी खेली।
मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं
कर्स्टन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ”मुझे लगता है कि किसी भी टीम में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता क्योंकि अक्सर आप ऐसे समय में क्रीज पर आते हैं जब टीम दबाव में होती है। मैंने देखा है कि वह वास्तव में मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। मैंने उन्हें अच्छी तरह से पहली बार वेस्टइंडीज में पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए देखा था।”
उन्होंने कहा, ”जब वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तो हमारा स्कोर पांच विकेट पर 110 रन था और उन्होंने कप्तान (धनंजय डिसिल्वा) के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। मैंने सोचा, वाह, यह लड़का तो कमाल का खेलता है। मुझे उनका टेस्ट क्रिकेट खेलने का तरीका बहुत पसंद है। वह सोच-समझकर खेलते हैं। वह अपनी योग्यता के अनुसार खेलते हैं और एक चतुर क्रिकेटर हैं।”
हालांकि, कर्स्टन ने कहा कि श्रीलंका को टेस्ट मैच जीतने की कला सीखनी होगी। उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि टेस्ट मैच नहीं जीत पाना चिंता का विषय है। हमें ऐसे तरीके खोजने होंगे जिनसे हम 20 विकेट ले सकें। लेकिन मैं टेस्ट टीम में शामिल किए गए कुछ युवा बल्लेबाजों विशेषकर सोनल दिनुशा से बहुत प्रभावित हूं।”
देवदत्त ने मौके का पूरा फायदा उठाया
कर्स्टन ने कहा, ”इसके अलावा पासिंदु सूरियाबंडारा हैं। उन्होंने भी दबाव में अच्छी पारियां खेली। यह वास्तव में हमारे लिए सकारात्मक पहलू है।” भारत के कोच रह चुके कर्स्टन युवा भारतीय बल्लेबाजों देवदत्त पडिक्कल (जिन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया) और ध्रुव जुरेल से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि देवदत्त ने मौके का पूरा फायदा उठाया है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। मैं और गौतम (भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर) हम दोनों ही टेस्ट मैच के कट्टर समर्थक हैं। इसलिए हम अक्सर इस बारे में बात करते हैं और हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो टेस्ट मैच की पारियां खेल सकें। मुझे लगता है कि देव ने दोनों टेस्ट मैचों में यह भूमिका शानदार तरीके से निभाई।”
कर्स्टन ने कहा, ”जिस दूसरे खिलाड़ी से मैं बहुत प्रभावित हुआ, वह जुरेल थे। मुझे लगता है कि वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी है। वह शॉर्ट बॉल बहुत अच्छी तरह खेलते हैं। उनकी तकनीक शानदार है और ऐसा लगता है कि वह टेस्ट स्तर पर ढेर सारे रन बनाना चाहते हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.