ऋषभ पंत को दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बल्लेबाजी के दौरान हाथ में गेंद लगी थी, जिसके कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। हालांकि कोच का मानना है कि वह सोमवार को बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरेंगे।
बैटिंग कोच ने ऋषभ पंत की फिटनेस पर दिया अपडेट
ऋषभ पंत को तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंद से बांह पर चोट लगने के बाद सिर्फ तीन रन पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। कोटक ने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज दूसरे दिन मैदान पर लौटने के लिए अच्छी स्थिति में नजर आ रहे हैं। बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, ”मुझे लगता है कि वह कल खेलना जारी रखने के लिए ठीक रहेंगे। ” चोट लगने के बाद पंत दर्द से कराहते दिखाई दिए। भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट ने मैदान पर आकर उनका उपचार किया। पंत के हाथ पर पहले ‘आइस पैक’ लगाया गया और फिर पट्टी बांधी गई। लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण पट्टी भी जल्द हटा दी गई। पंत ने 15 गेंदों पर नाबाद तीन रन बनाए और पारी के 58वें ओवर में फिजियोथेरेपिस्ट के साथ मैदान से बाहर चले गए।
कोटक ने देवदत्त पडिक्कल की भी जमकर तारीफ की। शीर्ष क्रम के इस बल्लेबाज ने सीरीज में लगातार दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 168 गेंदों पर 117 रन बनाए जिसकी बदौलत भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 300 रन बना लिए थे। कोटक ने कहा, ”उसने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाया है। मेरे लिए उसका इरादा, उसका संयम और जिस गति से उसने बल्लेबाजी की, ये सभी चीजें बहुत महत्वपूर्ण हैं। उसका स्ट्राइक रेट भी बहुत अच्छा रहा। ‘’
देवदत्त पडिक्कल ने लगाया शतक
भारतीय टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। 11वें ओवर में लाहिरू कुमारा ने केएल राहुल (18) को आउटकर श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई। यशस्वी जायसवाल ने 53 गेंदों में नौ चौकों की मदद से (45) रनों की पारी खेली। शुभमन गिल ने 108 गेंदों में छह चौकों की मदद से 50 रन बनाये। पड़िक्कल (117) रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 193 गेंदों का सामना किया और 12 चौके लगाये। उन्हें केशरा नुवंता ने आउट किया। 85वें ओवर में असिता फर्नांडो ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे रवींद्र जडेजा को बोल्ड कर श्रीलंका को पांचवीं सफलता दिलाई। रवींद्र जडेजा ने 83 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 43 रन बनाये।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.