विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को रविवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी है, जिसके कारण वह रिटायर्ड हर्ट हुए।
ऋषभ पंत को लगी चोट
भारतीय पारी के 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा ने ऋषभ पंत को बाउंसर डाली, जिसको पंत ने बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की लेकिन उछाल ने उनको चकमा दे दिया और गेंद उनकी कलाई की हड्डी पर लगी, जिससे वह काफी दर्द में दिखे। हालांकि ट्रीटमेंट लेने के बाद लगा कि वह खेलेंगे लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला किया। ऋषभ पंत ने 15 गेंदों का सामना करते हुए तीन रन बनाए थे। पंत की जगह रविंद्र जडेजा मैदान पर उतरे। मैच के दौरान भारतीय डगआउट में ऋषभ पंत को फिर से मेडिकल टीम की निगरानी में ट्रीटमेंट लेते हुए देखा गया।
भारत ने सुबह के सत्र में दोनों सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (45) और लोकेश राहुल (18) के विकेट गंवाए जबकि दूसरे सत्र के अंतिम ओवर में कप्तान शुभमन गिल (50) पवेलियन लौटे। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो ने दो विकेट चटकाए।
यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच हुई बहस
यशस्वी जायसवाल को 45 रन पर आउट करने के बाद श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के आक्रामक अंदाज ने दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस छेड़ दी। जायसवाल की पारी खत्म करने वाली गेंद फेंकने के बाद फर्नांडो ने जोश में आकर जश्न मनाया, जिससे भारतीय ओपनर मुड़े और तेज गेंदबाज से भिड़ गए। दोनों आमने-सामने आ गए और उनके बीच बहस हुई, जिसके बाद श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
यह टकराव तब हुआ जब जायसवाल ने फर्नांडो के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तीन चौके जड़े थे। फर्नांडो ने ‘राउंड द विकेट’ से एक लेंथ बॉल फेंकी जो अंदर की ओर मुड़कर बाएं हाथ के बल्लेबाज के पास आई। ऑफ-साइड की ओर शॉट खेलने की कोशिश में जायसवाल के बल्ले का अंदरूनी किनारा (इनसाइड एज) लगा और गेंद स्टंप्स से जा टकराई। वह 53 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें नौ चौके शामिल थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.