युवा स्पिनर मानव सुथार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पांच मैच खेल चुके हैं। चेतेश्वर पुजारा चाहते हैं कि सुथार टेस्ट स्पेशलिस्ट बनने पर ही फोकस करें। वह फिलहाल श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं।
IPL में इतने मैच खेल चुके सुथार
पुजारा खुद भी टेस्ट स्पेशलिस्ट रहे। उन्होंने 103 टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पुजारा ने सिर्फ 30 आईपीएल मैच खेले। उन्होंने पिछले साल क्रिकेट से संन्यास लिया। हालांकि, पुजारा ने साथ ही कहा कि उन्हें सुथार के आईपीएल में खेलने से दिक्कत नहीं है लेकिन उन्हें वहां जाकर अपनी ताकत नहीं बदलनी चाहिए। सुथार आईपीएल में गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल में सिर्फ पांच मैच खेले हैं, जिसमें दो विकेट चटकाए। उन्होंने चार मैच आईपीएल 2026 और एक मुकाबला 2024 सीजन में खेला।
‘अगर सुथार आईपीएल में खेलता है…’
पुजारा ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कहा, ”सुथार को बचाकर रखने की कोशिश करें। हमने पहले भी इस पर बात की है। सभी युवा खिलाड़ी छोटे फॉर्मेट में खेलना चाहेंगे लेकिन भारत को उसे टेस्ट फॉर्मेट के लिए बचाकर रखना चाहिए। हां, वह आईपीएल खेलना चाहेगा, लेकिन उस दिशा में मत जाने दीजिए। मेरा मतलब है कि अगर उसे आईपीएल में खेलने का मौका मिलता है तो ठीक है, लेकिन अपनी ताकत को मत बदलिए। मुझे लगता है कि उसे अपनी बॉलिंग में ज्यादा बदलाव करने की जरूरत नहीं है। बस जब व्हाइट बॉल क्रिकेट की बात आती है तो आपको फ्लैट ट्रैजेक्टरी की जरूरत होती है और मुझे उसके आईपीएल खेलने से कोई दिक्कत नहीं है। अगर वह आईपीएल में खेलता है और वहां सफल होता है, तो ठीक है लेकिन अपनी ताकत मत बदलो।”
‘आईपीएल के लिए खुद को मत बदलो’
पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि सुथार की सबसे बड़ी खूबी धीमी गेंदबाजी करने और गेंद को फ्लाइट करना है, जिससे बल्लेबाज बड़ा शॉट खेलने के लिए ललचाते हैं। पुजारा ने कहा, ”मानव सुथार बॉल को फ्लाइट कर रहा, उसे रेड बॉल क्रिकेट में थोड़ा स्लो डालने में हिचकिचाहट नहीं, आपको इसे बदलने की जरूरत नहीं है। सिर्फ आईपीएल के लिए खुद को मत बदलो। मैं समझ सकता हूं लेकिन अपनी वास्तविक काबिलियत, जो बॉल को फ्लाइट करना है, उसे मत बदलो। जब आप पहली पारी में उसकी बॉलिंग देखते हैं, जब बॉल नई थी, तब भी वह बॉल को फ्लाइट करने, बॉल को सही एरिया में डाल रहा था। जिस तरह से उसने बॉलिंग की, मुझे लगता है कि इंडिया को एक सही लेफ्ट आर्म स्पिनर मिल गया है जो लंबे समय तक टीम में रहेगा।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.