IIT कानपुर ने नौकरीपेशा लोगों के लिए डेटा साइंस और मशीन लर्निंग का 6 महीने का ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स लॉन्च किया है।
कब से शुरू होगा कोर्स?
अगर आप भी अपनी नौकरी के साथ-साथ टेक की दुनिया में खुद को अपडेट रखना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक बेहतरीन मौका साबित हो सकता है। IIT कानपुर का यह नया प्रोग्राम 3 अक्टूबर 2026 से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और उम्मीदवार सितंबर 2026 के मध्य तक अपना एप्लीकेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। IIT कानपुर द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, इस कोर्स का ढांचा इस तरह तैयार किया गया है कि अलग-अलग सेक्टर्स में काम कर रहे प्रोफेशनल्स डेटा के जरिए बेहतर रणनीतिक फैसले ले सकें।
क्या-क्या सीखने को मिलेगा?
यह कोर्स महज किताबी थ्योरी तक सीमित नहीं रहने वाला है, बल्कि इसमें पूरी तरह प्रैक्टिकल और इंडस्ट्री से जुड़ी जानकारी पर जोर दिया जाएगा। देश के नामी IIT और IIM के अनुभवी फैकल्टी मेंबर्स ने मिलकर इसका सिलेबस तैयार किया है। इस प्रोग्राम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को खास विषयों की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें शामिल हैं –
प्रोग्रामिंग भाषाएं: पायथन (Python) और R प्रोग्रामिंग पर व्यावहारिक पकड़।
डेटा एनालिसिस व विजुअलाइजेशन: डेटा को गहराई से समझने और उसे सही तरीके से पेश करने के तरीके।
एडवांस्ड टेक्नोलॉजी: मशीन लर्निंग, बिजनेस एनालिटिक्स और जनरेटिव एआई।
रियल-वर्ल्ड केस स्टडीज: कंपनियों की रोजमर्रा की चुनौतियों को सुलझाना, रूटीन प्रोसेस को ऑटोमेट करना और डेटा से काम के इनसाइट्स निकालना।
AI और ML अब करियर की सबसे बड़ी जरूरत
प्रोग्राम के बारे में बात करते हुए IIT कानपुर के मैनेजमेंट साइंसेज विभाग (DoMS) के फैकल्टी और प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अभिनव त्रिपाठी ने कहा कि आज के समय में AI/ML और इसके टूल्स सिर्फ एक अतिरिक्त हुनर नहीं, बल्कि हर पेशेवर के करियर के लिए बेहद जरूरी काबिलियत बन चुके हैं। प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अभिनव त्रिपाठी ने कहा, “युवा प्रोफेशनल्स को अपने-अपने क्षेत्र के ज्ञान के साथ-साथ AI और ML की ताकत को भी जोड़ना होगा। तभी वे नए तरीके खोज पाएंगे, जटिल समस्याओं को डेटा की मदद से सुलझा सकेंगे और अपनी कंपनियों में एक बड़ा बदलाव ला पाएंगे। इस प्रोग्राम को इसी तरह डिजाइन किया गया है ताकि प्रतिभागी असल बिजनेस चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना कर सकें।”
कौन कर सकता है अप्लाई?
इस कोर्स में दाखिला लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता बेहद आसान और लचीली रखी गई है –
- फ्रेशर्स व सामान्य ग्रेजुएट्स: किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से न्यूनतम 55% अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
- अनुभवी कैंडिडेट्स: जिन उम्मीदवारों के पास 3 साल या उससे ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है, उनके लिए ग्रेजुएशन में न्यूनतम 40% अंक होना अनिवार्य है।
कैसा रहेगा क्लास का शेड्यूल और फॉर्मेट
कोर्स की अवधि 6 महीने की होगी जिसे पूरी तरह से ऑनलाइन मोड में रखा जाएगा। कोर्स के दौरान कुल 60 घंटे की लाइव ट्रेनिंग दी जाएगी। नौकरीपेशा लोगों की सहूलियत के लिए क्लासेज वीकेंड (शनिवार और रविवार) पर हर हफ्ते सिर्फ 3 घंटे आयोजित की जाएंगी, ताकि आपकी मौजूदा जॉब पर कोई असर न पड़े।
फीस स्ट्रक्चर और फ्लेक्सिबल एग्जिट ऑप्शन
IIT कानपुर ने इस कोर्स की फीस और स्ट्रक्चर को काफी पारदर्शी रखा है। इसके लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये और 18 प्रतिशत जीएसटी रखी गई है। कुल प्रोग्राम फीस 85000 रुपये के साथ 18 प्रतिशत जीएसटी रखी गई है। इस फीस को 2 किश्तों में देने का विकल्प है।
फ्लेक्सिबल एग्जिट ऑप्शन
इस प्रोग्राम में उम्मीदवारों को एक अनोखी सुविधा भी दी जा रही है। अगर कोई प्रतिभागी 3 महीने की पढ़ाई के बाद कोर्स जारी नहीं रखना चाहता, तो उसे ‘सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन’ देकर सम्मानपूर्वक एग्जिट का विकल्प मिलेगा। वहीं, जो उम्मीदवार पूरे 6 महीने का कोर्स सफलतापूर्वक खत्म करेंगे, उन्हें IIT कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (DoMS) की ओर से अधिकृत सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आईआईटी कानपुर के आधिकारिक ऑनलाइन लर्निंग पोर्टल पर जाकर कोर्स के पूरे सिलेबस, फीस और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ले सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.