IIT Kanpur Website Hack: साइबर सिक्योरिटी कोर्स में रिजेक्ट होने पर एक छात्र ने IIT कानपुर और IIT मद्रास की वेबसाइट हैक कर डाली। पुलिस कार्रवाई की बजाय IIT अब उसे दूसरा मौका देने पर विचार कर रहा है।
“Site is Hacked… ऑल आई नीड इज जस्ट ए फेयर चांस”
वेबसाइट में सेंध लगाने के बाद छात्र ने कोई डेटा नष्ट नहीं किया, बल्कि उसने पोर्टल पर एक सीधा संदेश छोड़ दिया: “Site is hacked. All I need is just a fair chance.” साइट हैक कर ली गई है, मुझे बस अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सही मौका चाहिए।
इसके बाद छात्र ने एक्स (X) और रेडिट (Reddit) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसके स्क्रीनशॉट शेयर किए। उसने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि उसका मकसद किसी सिस्टम को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि यह साबित करना था कि उसके पास साइबर सुरक्षा का बेहतरीन हुनर मौजूद है।
छात्र के अनुसार, उसने आवेदन की पूरी प्रक्रिया का पालन किया था। उसने फीस जमा की, आवश्यक डॉक्यूमेंट अपलोड किए और अपने साइबर सिक्योरिटी से जुड़े कामों का प्रमाण भी दिया। इसके बावजूद उसे शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया और न ही हैकाथॉन चरण में भाग लेने का अवसर दिया गया।
IIT कानपुर का अनूठा रुख: जेल भेजने के बजाय परखेंगे टैलेंट
आमतौर पर किसी सरकारी या प्रतिष्ठित संस्थान की वेबसाइट को हैक करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और साइबर क्राइम (FIR) का सामना करना पड़ता है। हालांकि, IIT कानपुर प्रशासन ने इस पूरी घटना को एक अलग नजरिए से देखा।
IIT कानपुर के डायरेक्टर मणींद्र अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि छात्र को शुरुआती चयन में इसलिए शामिल नहीं किया गया था क्योंकि उसके पास अनुभव की कमी थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, इसलिए तुरंत एडमिशन संभव नहीं है। लेकिन छात्र के हुनर को देखते हुए IIT उसे कैंपस में बुलाने और उसकी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स का असेसमेंट करने पर विचार कर रहा है। यदि वह टेस्ट में खुद को योग्य साबित करता है, तो उसे IIT कानपुर के इनोवेशन हब (C3iHub) में इंटर्नशिप या अगले सेशन में एडमिशन का मौका दिया जा सकता है।
युवाओं और छात्रों के लिए बड़ा संदेश
IIT कानपुर ने सीनियर फैकल्टी सदस्यों और इंजीनियरों को छात्र से बातचीत करने और उसे यह समझाने का निर्देश दिया है कि किसी भी सिस्टम में बिना अनुमति के सेंध लगाना अवैध और गैर-कानूनी है।
डायरेक्टर मणींद्र अग्रवाल ने छात्रों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा साबित करने का यह सही तरीका नहीं है। युवाओं को अपने करियर के अवसरों के लिए हमेशा सही रास्तों का ही चयन करना चाहिए। साइबर एक्सपर्टीज रखने वाले युवा C3iHub पर अपना CV भेजकर सही माध्यम से अपने सपनों को आकार दे सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.