नयी दिल्ली, 25 जुलाई निजी क्षेत्र के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 132.4 प्रतिशत बढ़कर 1,075 करोड़ रुपये हो गया। यह बैंक का किसी तिमाही में अब तक का सर्वाधिक शुद्ध लाभ है। बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे की सूचना दी।
एक साल पहले की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 463 करोड़ रुपये था। बैंक का कुल ग्राहक कारोबार 30 जून, 2026 तक 18.6 प्रतिशत बढ़कर 6,04,776 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले 5,10,031 करोड़ रुपये था। बैंक ने कहा कि उसकी ऋण एवं अग्रिम राशि 30 जून, 2026 तक 20.6 प्रतिशत बढ़कर 3,05,370 करोड़ रुपये हो गई, जो 30 जून, 2025 को 2,53,233 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही के अंत तक बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर 1.51 प्रतिशत रह गया, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1.97 प्रतिशत था। इसी तरह शुद्ध एनपीए अनुपात भी 0.55 प्रतिशत से सुधरकर 0.44 प्रतिशत पर आ गया। जून तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन भी बढ़कर 5.96 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5.71 प्रतिशत था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.