भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंकों के साथ मंगलवार को यहां जारी आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि उनकी हमवतन दीप्ति शर्मा चार पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। श्री चरणी ने श्रीलंका के खिलाफ महिला टी20 एशिया कप के फाइनल में भी 20 रन देकर चार विकेट लिए जिससे उनके रेटिंग अंकों की संख्या 804 हो गई है। उन्होंने अपने करियर में पहली बार 800 रेटिंग अंक का आंकड़ा पार किया।
यह आईसीसी रैंकिंग में किसी भारतीय खिलाड़ी की बल्लेबाजी या गेंदबाजी में सर्वाधिक रेटिंग है। उन्होंने मिताली राज को पीछे छोड़ा। भारत की पूर्व कप्तान ने 2011 में 780 रेटिंग अंक हासिल किए थे।
श्री चरणी अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में सर्वाधिक रेटिंग हासिल करने वाली गेंदबाज बनने से केवल दो अंक पीछे हैं। यह रिकॉर्ड नवंबर 2018 में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के नाम है। एशिया कप में सर्वाधिक 14 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा भी चार पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गईं।
तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने 10 पायदान आगे 94वां स्थान जबकि लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने 50 पायदान की लंबी छलांग लगाते हुए 96वां स्थान हासिल किया। बल्लेबाजी रैंकिंग में शेफाली वर्मा सातवें से छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। एशिया कप में शेफाली ने सबसे ज्यादा 236 रन बनाए, जिसमें सेमीफाइनल में 64 और फाइनल में बनाए गए 68 रन भी शामिल हैं।
उनके कुल 741 रेटिंग अंक हो गए हैं। वह टीम की अपनी साथी स्मृति मंधाना से सिर्फ एक स्थान और चार रेटिंग अंक पीछे हैं। मंधाना 745 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
शेफाली ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी पांच पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 221 रेटिंग अंक हासिल किए हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.