फिटनेस का ध्यान रखने वाले और शुगर पेशेंट चीनी को पूरी तरह से अवॉइड करते हैं। ऐसे में आने वाले त्योहारों पर आप घर में मौजूद इस तरह के लोगों के लिए बिना चीनी वाले लड्डू बनाकर तैयार कर सकते हैं। सीखिए, कैसे बनाएं।
त्योहारों के दिन का असरी मजा खाने से ही होता है। फेस्टिवल चाहें कोई भी हो, घर में तरह-तरह के पकवान बनने की परंपरा सालों पुरानी है। महिलाएं इस दिन दो से तीन तरह की सब्जी, पूड़ी और मिठाई बनाती हैं। ऐसे में डायबिटीज पेशेंट के लिए त्योहारों पर मिठाई देखकर कंट्रोल कर पाना थोड़ा मुश्किल होता है। हालांकि, डायबिटीज और फिटनेस को लेकर स्ट्रिक्ट रहने वाले लोग चीनी से पूरी तरह से परहेज करते हैं। ऐसे में आप घर पर शुगर-फ्री वाली मिठाइयां बना सकते हैं। ये न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती हैं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहतर ऑप्शन हैं। रक्षाबंधन पर बनाने के लिए हम बिना चीनी वाले लड्डू की रेसिपी शेयर कर रहे हैं। जिनका स्वाद आपको खूब पसंद आएगा।
बिना चीनी वाले लड्डू बनाने के लिए सामग्री
-आधा छोटा कप अखरोट
-आधा छोटा कप काजू
-आधा छोटा कप बादाम
-दो बड़े चम्मच कद्दू के बीज
दो छोटे चम्मच तिल
-आधा छोटा कप सूखा नारियल (कद्दूकस किया हुआ)
– 3/4 कप नरम खजूर
-1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
बिना चीनी वाले लड्डू झटपट बनाने का तरीका
- लड्डू बनाने के लिए सभी मेवा को अच्छी तरह से भूनना होगा। इसके लिए सबसे पहले एक भारी तले वाला पैन गरन करें।
- अच्छी तरह से पैन के गरम होने पर इसमें मेवा डालें और धीमी आंच पर रोस्ट करें। चाहें तो आप घी डालकर भी भून सकते हैं।
- मेवा पीसने के बाद बीजों को भी हल्का रोस्ट कर लें।
- अब मेवा को ब्लेंडर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें।
- अब खजूर को कुछ देर के लिए गुनगुने पानी में भिगोएं। अच्छी तरह से फूलने के बाद इसके बीजों को निकालकर एक तरफ कर लें। अब खजूर को भी पीस लें और इसकी गाढ़ी प्यूरी बनाएं।
- अब एक बड़े बर्तन में खजूर की प्यूरी डालें और इसमें मेवा-बीजों के पाउडर को डालें। फिर इसमें नारियल का पाउडर डालें और सभी चीजों को एक साथ मिलाएं और लड्डू का आकार दें।
- लड्डू को सुंदर लुक देने के लिए आप इसमें गुलाब की पंखुड़ियों, पिस्ता पाउडर या नारियल के पाउडर में लपेट सकते हैं।
नोट- अखरोट कई बार कड़वे स्वाद के हो सकते हैं। ऐसे में इन्हें लड्डू में डालने से उनका स्वाद भी खराब हो सकता है। इसलिए बेहतर होगा की आप इसे स्किप कर दें। या फिर इन्हें पहले टेस्ट कर लें। इसके अलाला अगर लड्डू बनाने मे परेशानी हो या मिक्स हाथों पर चिपक रहा हो तो अपनी हथेली पर थोड़ा घी लगाएं और फिर बनाएं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.