Kanpur Famous Mohan Khasta: अगर आप खाने-पीने के शौकीन हैं और कभी उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर गए हैं तो आपने मोहन के खस्ते का नाम तो जरूर सुना होगा. कानपुर की संकरी गलियों से निकलकर पूरे देश में मशहूर हो चुका यह जायका सिर्फ एक नाश्ता नहीं, बल्कि एक इमोशन है. सुबह-सुबह गरम-गरम, एकदम कुरकुरे खस्ते और उसके साथ मिलने वाले चटपटे, बिना लहसुन-प्याज के आलू-छोले की सब्जी का स्वाद जुबान पर ऐसा चढ़ता है कि इंसान उंगलियां चाटता रह जाए.
अक्सर लोग सोचते हैं कि बाजार जैसा यह खस्तापन और सोंधापन घर की रसोई में लाना नामुमकिन है लेकिन ऐसा नहीं है. कुछ सीक्रेट ट्रिक्स और सही माप के साथ आप इसे अपने किचन में बेहद आसानी से तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कानपुर के इस मशहूर स्वाद को घर पर बनाने की सबसे आसान रेसिपी और इसके कुछ खास सीक्रेट्स.
आवश्यक सामग्री
खस्ते के आटे के लिए
मैदा- 2 कप
सूजी- 2 बड़े चम्मच (क्रंची टेक्सचर के लिए)
घी या तेल (मोयन के लिए)- 1/4 कप
अजवाइन- 1 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
गुनगुना पानी- आटा गूंधने के लिए
खास भरावन के लिए
धुली उड़द दाल- 1/2 कप (भिगोकर दरदरी पिसी हुई)
सोंठ पाउडर
सौंफ पाउडर
जीरा पाउडर
हींग और गरम मसाला- 1-1 छोटा चम्मच
तेल-1 बड़ा चम्मच
बनाने की आसान विधि
कानपुर के मशहूर मोहन खस्ते बनाने के लिए सबसे पहले एक परात में मैदा,सूजी,नमक और अजवाइन को एक साथ डालकर हाथों से अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें घी या तेल का मोयन डालें और मैदा को हथेलियों से तब तक रगड़ें जब तक कि मुट्ठी बांधने पर मैदा का लड्डू न बनने लगे, क्योंकि हलवाई जैसा खस्तापन लाने का असली सीक्रेट यही मोयन ही है. इसके बाद गुनगुने पानी की मदद से एक सख्त आटा गूंध लें और उसे गीले कपड़े से ढककर 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें. इसी बीच भरावन तैयार करने के लिए एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करके हींग और दरदरी पिसी हुई उड़द दाल डालें और धीमी आंच पर भूनें. फिर इसमें सौंफ,सोंठ,जीरा पाउडर,गरम मसाला और नमक मिलाकर दाल के बिल्कुल सूखा और खुशबूदार होने तक भून लें और मिश्रण को ठंडा होने दें.
इसके बाद सेट हो चुके आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ें और हर लोई को कटोरी का आकार देकर बीच में एक चम्मच दाल की स्टफिंग भरकर चारों तरफ से अच्छी तरह बंद कर दें. अब इसे बेलन से बेलने के बजाए हथेलियों की मदद से हल्का सा दबाते हुए चपटा और बड़ा आकार दें. आखिर में कढ़ाई में तेल को बिल्कुल धीमा गरम करें और इन खस्तों को तेल में डालकर एकदम धीमी आंच पर उलट -पलट कर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. वहीं,धीमी आंच पर तलने से खस्ते अंदर तक पूरी तरह पकते हैं और बाजार जैसा खस्तापन आता है. आपके खस्ते एकदम तैयार हैं.अब गरम-गरम खस्तों को कटी प्याज, हरी मिर्च और चटपटी सब्जी के साथ परोसें.
यह भी पढ़ें: Summer Cooler Mango Mastani: गर्मियों का हेल्दी ड्रिंक, घर में ऐसे बनाएं पुणे स्टाइल मैंगो मस्तानी
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.