- Hindi News
- Sports
- Hockey Jersey | Hockey India Saffron Jersey Controversy; Dilip Tirkey FIH World Cup 2026 Team
- कॉपी लिंक
भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीला से नारंगी किए जाने पर विवाद गहरा गया है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इस पर आपत्ति जताते हुए फेडरेशन के अधिकारियों से लिखित जवाब मांगा है। उनका आरोप है कि यह फैसला एग्जीक्यूटिव बोर्ड की मंजूरी और उन्हें बिना बताए लिया गया।
टिर्की ने बोर्ड सदस्यों को ईमेल भेजकर सवाल पूछे हैं। उन्होंने लिखा, ‘मुझे नारंगी रंग से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन नेशनल टीम की पहचान से जुड़े इस बड़े फैसले पर चुनी हुई लीडरशिप से चर्चा जरूर होनी चाहिए थी।
इस बीच, ओडिशा सरकार ने भी टिर्की से स्पष्टीकरण मांग लिया है। वहीं, गुरुवार को टिर्की ने बदलाव का बचाव किया था। उन्होंने लोगों से इसे राजनीतिक रंग न देने की अपील करते हुए कहा था कि यह पूरी तरह ‘टेक्निकल’ फैसला है।
खिलाड़ियों से सलाह के दावे पर सवाल
शुक्रवार को इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में भारतीय टीम के एक खिलाड़ी के हवाले से कहा गया कि जर्सी में बदलाव को लेकर न तो उनसे राय ली गई और न ही सलाह मांगी गई। हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति के एक सदस्य ने भी दावा किया कि उन्हें जर्सी में बदलाव की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वे ऐसी किसी आधिकारिक बैठक का हिस्सा नहीं रहे, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा हुई हो।
जर्सी देखकर कोई प्रेरणा नहीं मिल रही- भास्करन
इससे पहले, जर्सी के रंग को लेकर कई पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाए थे। 1980 ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान वासुदेवन भास्करन ने भी नराजगी जताई थी।

रासकिन्हा ने लिखा- टीम को भगवा रंग क्यों पहनाया
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान विरेन रासकिन्हा ने इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि टीम को भगवा रंग पहनाया जाना शर्मनाक है।

प्रियंका गांधी ने भी नई जर्सी आलोचना की
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से नारंगी किए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश की पहचान अहिंसा, सत्य और भाईचारे जैसे मूल्यों से जुड़ी है और इन्हें बदला नहीं जा सकता।
जर्सी का रंग कैसे तय होता है, सवाल-जवाब के जरिए समझिए …
सवाल: जर्सी का रंग किस आधार पर तय होता है?
जवाब: जर्सी के रंग को लेकर कोई भी लिखित नियम नहीं है। कोई भी देश किसी भी रंग को चुन सकता है। लेकिन आमतौर किसी देश की टीम की जर्सी का रंग उसके राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय प्रतीकों या राष्ट्रीय पहचान के आधार पर चुना जाता है।
सवाल: भारतीय टीम की जर्सी नीली क्यों रखी गई थी?
जवाब: हॉकी इतिहासकार के. अरुमुगम ने बताया कि भारतीय हॉकी टीम 1928 से ज्यादातर नीली और सफेद जर्सी में खेलती आई है। समय-समय पर जर्सी का डिजाइन बदला, लेकिन रंग नीला ही रहा। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट टीम ने 1992 में रंगीन जर्सी शुरू होने पर तिरंगे के अशोक चक्र का नीला रंग अपनाया। इसी वजह से भारतीय टीमों की पहचान ‘मेन इन ब्लू’ के तौर पर बन गई।
सवाल: जर्सी का रंग ऑरेंज क्यों किया गया?
जवाब: हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी अब नीले सिंथेटिक टर्फ पर खेली जाती है। ऐसे में मैदान और जर्सी दोनों नीले होने से खिलाड़ियों को तेज खेल के दौरान साथी खिलाड़ियों और गेंद को पहचानने में दिक्कत होती थी।
भारत ने 1975 में वर्ल्ड कप जीता था
FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट का 16वां एडिशन होगा। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट 14 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में खेला जाएगा।
भारत ने अपना आखिरी और इकलौता हॉकी वर्ल्ड कप खिताब 1975 में जीता था। टीम करीब 50 साल बाद फिर से वर्ल्ड चैंपिंयन बनने का सपना लेकर मैदान में उतरेगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
