हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान वनडे टीम के कप्तान पद से इस्तीफा दे दिया है। 31 वर्षीय इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से अपने फैसले की घोषणा की, जिसके बाद उनके कार्यकाल का अंत हो गया। शाहिदी ने दो प्रमुख आईसीसी टूर्नामेंटों, 2023 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप और 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान का नेतृत्व किया। हशमतुल्लाह शाहिदी द्वारा अफगानिस्तान वनडे टीम के कप्तान पद से इस्तीफा देने के बाद ही बोर्ड ने नए कप्तान का ऐलान भी कर दिया।
समाचार एजेंसी एएनआई ने आईसीसी का हवाला देते हुए बताया कि शाहिदी ने कहा “आज मैं पूर्ण सम्मान और सहमति के साथ यह घोषणा करता हूं कि मैं अपने व्यक्तिगत निर्णय से टीम के कप्तान पद से इस्तीफा दे रहा हूं। कप्तान के रूप में इस जिम्मेदारी को निभाना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी। मुझे अपनी टीम के साथ ईमानदारी, एकता और प्रतिबद्धता के साथ सेवा करने पर गर्व है। अल्लाह की कृपा से, अधिकारियों, कोचों और खिलाड़ियों के प्रयासों से हमने कई जीत हासिल कीं, महत्वपूर्ण मैच जीते, बड़ी टीमों को हराया और टीम का नाम रोशन किया।’
आगे उन्होंने कहा ‘ये सभी उपलब्धियां सिर्फ मेरी नहीं हैं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, बलिदान और समन्वय का परिणाम हैं। मैं अपनी टीम के सभी खिलाड़ियों को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और हर जीत और हर चुनौती में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।
मैं टीम के उन अधिकारियों और प्रशासन का भी आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और हमेशा मेरा समर्थन किया। आपका विश्वास और सहयोग मेरे लिए हमेशा सम्मान की बात रहेगी।’
हशमतुल्लाह शाहिदी द्वारा कप्तान के पड़ से इस्तीफा देने के बाद बोर्ड के एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि रहमत शाह को वनडे और टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को वनडे और टेस्ट टीम का उपकप्तान बनाया गया है।