Last Updated:
Gwalior News: ग्वालियर में ट्रैक्टर की लाइट बंद करने को लेकर हुए विवाद में दुश्मनों को फंसाने के लिए एक दोस्त ने अपने ही जिगरी दोस्त को गोली मार दी. फिर नया पैंतरा खेलकर घायल दोस्त को उठाकर अस्पताल ले गया. बाद में पुलिस द्वारा सीसीटीवी खंगालने के बाद उसे पकड़ लिया गया.
ग्वालियर में दोस्त ने जिगरी दोस्त को मारी गोली
ट्रैक्टर की लाइट से हुआ विवाद
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क शिव कॉलोनी में बुधवार की रात विकास साहू अपने दोस्त मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर व अन्य साथियों के साथ खड़े थे. इनसे कुछ दूरी पर ही एक ट्रैक्टर पर रवि गुर्जर, कल्ली गुर्जर व शैलू गुर्जर निवासी गिरगांव खड़े थे. ट्रैक्टर की लाइट जल रही थी और कुछ दूरी पर खड़े विकास, पोपट व इनके साथियों पर पड़ रही थी, जब पोपट ने ट्रैक्टर के पास पहुंचकर युक्कों से ट्रैक्टर की लाइट बंद करने को कहा तो एक युवक ने पोपट को चांटा मार दिया.
चांटा मारे जाने के बाद मधूसूदन उर्फ पोपट वहां से अपने घर गया और देशी कट्टा निकाल लाया. फिर वह गोली चलाता हुआ घटनास्थल पर पहुंचा. पोपट ने दो गोली चलाईं, जिसमें एक गोली हवा में चलाई तो दूसरी अपने दुश्मनों को फसाने के लिए अपने ही दोस्त विकास साहू को गोली मार दी. विकास साहू झगड़े में गोली लगने पर कुछ समझ नहीं सका. वहां पैदल चलकर अपनी बाइक पर जाकर बैठ गया और बाइक पर बैठते ही वह गिर गया. उसके गिरने पर युवकों की भीड़ भागती दिखी और फिर दो लोग उसे अस्पताल ले गए.
खुद ही थाने पहुंचा गोली मारने वाला आरोपी
विकास के चचेरे भाई ने उसके पिता को रात में घर पहुंचने पर विकास को गोली लगने व अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी. विकास को अस्पताल में भर्ती करने के बाद मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर थाने पर पहुंचा. थाने में वह रवि, कल्ली व शैलू गुर्जर के खिलाफ विकास को गोली मारने का मामला दर्ज करवाना चाहता था. थाने में विकास के पिता राकेश साहू भी मौजूद थे. पिता की रिपोर्ट पर एफआईआर की तैयारी चल रही थी, तभी पोपट स्वयं फरियादी बनने के लिए अड़ गया. इस पर पुलिस को संदेह हुआ और फिर FIR रोककर घटनास्थल पर सीसीटीवी फुटेज देखे, तो पोपट गोली चलाता हुआ दिखा. तभी पोपट मौका देख वहां से भाग निकला.
पुलिस ने मामला दर्ज करके शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की तलाश की और आज उसे अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पुलिस को पूछताछ को बताया कि वह अपने दुश्मनों को फंसाना चाहता था इसलिए उसने अपने दोस्त को गोली मार कर घायल किया था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी मधुसूदन तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.