गौतम बुद्ध से जुड़ा किस्सा है। बुद्ध अपने शिष्यों को रोज जीवन से जुड़े उपदेश दिया करते थे। उनके पास दूर-दूर से लोग आते, उनकी बातें सुनते और अपने दुखों से मुक्ति पाने का रास्ता पूछते। एक दिन बुद्ध के एक शिष्य के मन में एक सवाल उठा। उसने विनम्रता से पूछा, “तथागत, जो लोग आपका सत्संग रोज सुनते हैं, क्या उन सभी का जीवन बदल जाता है? क्या उनके दुख दूर हो जाते हैं?” बुद्ध ने शांत स्वर में कहा, “कुछ लोगों को तो लाभ होता है और कुछ लोगों का नहीं।” शिष्य को आश्चर्य हुआ। उसने फिर पूछा, “जब सभी लोग आपके उपदेश सुनते हैं, तो फिर सभी को शांति क्यों नहीं मिलती? सभी का जीवन क्यों नहीं बदलता?” बुद्ध बोले, “मान लो कोई व्यक्ति तुमसे राजमहल जाने का रास्ता पूछता है। तुम उसे सही रास्ता समझा देते हो, लेकिन वह तुम्हारे बताए रास्ते पर चलने के बजाय अपनी इच्छा से किसी दूसरी दिशा में चला जाता है और रास्ता भटक जाता है। तब तुम क्या करोगे?” शिष्य ने कहा, “तथागत, मेरा काम तो सिर्फ रास्ता बताना था। अगर वह रास्ते पर नहीं चला और भटक गया, तो इसमें मैं क्या कर सकता हूं?” बुद्ध ने कहा, “यही तुम्हारे प्रश्न का उत्तर है।” बुद्ध ने समझाया, “मेरा काम भी लोगों को जीवन का सही रास्ता बताना है। मैं उन्हें बता सकता हूं कि कौन-सा काम दुख देता है और कौन-सा काम शांति की ओर ले जाता है, लेकिन मेरे कहे अनुसार जीवन जीना या न जीना प्रत्येक व्यक्ति का अपना निर्णय है।” शिष्य को बात समझ में आने लगी। बुद्ध ने आगे कहा, “जो व्यक्ति केवल उपदेश सुनता है, लेकिन अपने व्यवहार में कोई बदलाव नहीं करता, उसके जीवन में परिवर्तन कैसे आएगा? केवल सही रास्ते की जानकारी होने से मंजिल नहीं मिलती। मंजिल तक पहुंचने के लिए उस रास्ते पर चलना भी पड़ता है।” यही जीवन का एक महत्वपूर्ण सत्य है। अच्छी बातें सुनना आसान है, लेकिन उन्हें अपने व्यवहार का हिस्सा बनाना कठिन है। ज्ञान तभी उपयोगी बनता है, जब वह हमारे निर्णयों, आदतों और कामों में दिखाई देने लगे। इसलिए किसी संत या महापुरुष की बात सुनकर केवल प्रभावित होना पर्याप्त नहीं है। असली बदलाव तब शुरू होता है, जब हम उस सीख को अपने जीवन में उतारना शुरू करते हैं। उपदेश रास्ता दिखाते हैं, लेकिन उस रास्ते पर चलने का निर्णय हमें स्वयं करना होता है। प्रसंग की सीख 1. एक समय में एक ही सीख अपनाएं अक्सर हम कई अच्छी बातें सुनते हैं और तय करते हैं कि अब सब कुछ बदल देंगे, लेकिन कुछ दिनों बाद पुरानी आदतें वापस आ जाती हैं। इसलिए एक साथ बहुत सारे बदलाव करने के बजाय एक छोटी सीख चुनें। जैसे- गुस्से में तुरंत जवाब नहीं देना। पहले सिर्फ इसी आदत पर काम करें। एक-एक करके अच्छी आदतें अपनाएंगे, तो जीवन में जल्दी ही बदलाव दिखाई देगा। 2. सुनी हुई बात को अपने जीवन से जोड़ें कोई उपदेश सुनने के बाद खुद से पूछें- “यह बात मेरे जीवन में कहां लागू होती है?” अगर किसी ने धैर्य रखने की बात कही है, तो सोचें कि आप किन परिस्थितियों में सबसे ज्यादा बैचेन होते हैं। जब सीख को अपनी वास्तविक परिस्थिति से जोड़ेंगे, तब उसका महत्व ज्यादा समझ आएगा। 3. रोज आत्मनिरीक्षण करें दिन खत्म होने के बाद सोने से पहले पांच मिनट खुद के लिए निकालें। सोचें कि आज मैंने क्या अच्छा किया और कहां अपनी ही अच्छाई भूल गया। इसका उद्देश्य खुद को दोष देना नहीं, बल्कि अपनी गलतियों को पहचानना है। आत्मनिरीक्षण धीरे-धीरे व्यवहार में सुधार लाता है। 4. सुनने से ज्यादा अभ्यास पर ध्यान दें किताबें पढ़ना, प्रवचन सुनना अच्छी बातें हैं, लेकिन इनका उद्देश्य जीवन में परिवर्तन लाना होना चाहिए। हर बार कुछ नया सुनने के बाद यह तय करें कि आज से कौन-सा छोटा व्यवहार बदलना है। 5. परिणाम तुरंत पाने की उम्मीद न करें आदतें एक दिन में नहीं बदलतीं। कई बार सही प्रयास करने के बावजूद पुरानी गलती दोबारा हो सकती है। ऐसे समय निराश होने के बजाय फिर से शुरुआत करें। लगातार किया गया छोटा प्रयास लंबे समय में बड़ा बदलाव ला सकता है। 6. सही सलाह के साथ सही कर्म भी करें किसी समस्या का समाधान पता होना और उस समाधान पर काम करना दो अलग बातें हैं। अगर आपको पता है कि रिश्ते में संवाद जरूरी है, तो बातचीत भी शुरू करनी होगी। अगर तनाव कम करने के लिए दिनचर्या बदलनी है, तो उस बदलाव को व्यवहार में लाना होगा। 7. अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करें जीवन में हर परिस्थिति हमारे नियंत्रण में नहीं होती, लेकिन अपनी प्रतिक्रिया पर कुछ हद तक हमारा नियंत्रण जरूर होता है। इसलिए हर परेशानी के लिए केवल परिस्थितियों या दूसरों को जिम्मेदार मानने के बजाय खुद से पूछें- “इस स्थिति में मैं क्या बेहतर कर सकता हूं?” मुश्किल समय में भी अपनी अच्छाई न छोड़ें और बेहतर काम करने की कोशिश करें, तभी जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.