मेटलाइफ स्टेडियम में मौजूद 80 हजार से अधिक दर्शकों और दुनिया के कोने-कोने में देर रात तक टीवी स्क्रीनों के सामने नजरें गड़ाए बैठे करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों की जुबां पर सिर्फ एक ही नाम था—लियोनेल मेस्सी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। विश्व कप के अपने सुनहरे सफर के आखिरी पड़ाव पर दुनिया का यह सबसे चमकता सितारा बेनूर हो गया। अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में फेरान टोरेस द्वारा दागे गए गोल के दम पर स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व फुटबॉल की बादशाहत दक्षिण अमेरिकी धुरंधर से छीन ली।
टूट गया ब्राजील के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी का सपना
अर्जेंटीना की टीम महान पेले के दौर के ब्राजील (1958 और 1962) के बाद लगातार दो बार विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनने का सपना लेकर मैदान पर उतरी थी। लेकिन स्पेन के अभेद्य रक्षण के आगे मेस्सी का यह ऐतिहासिक सपना टूट गया। मैच की आखिरी सीटी बजते ही जहां एक तरफ स्पेनिश खेमा जश्न में डूब गया, वहीं दूसरी तरफ मेस्सी की आंखों में नमी और चेहरे पर छाई गहरी निराशा को पूरी दुनिया ने देखा। पराजय के बाद मेस्सी और उनकी टीम ने स्टेडियम के दक्षिणी छोर पर खड़े अर्जेंटीना के प्रशंसकों का आभार जताया और इस हार के लिए मूक माफी भी मांगी।
एक तरफ स्पेन के खिलाड़ी जश्न मना रहे थे तो दूसरी तरफ मेस्सी और उनकी टीम स्टेडियम के दक्षिणी छोर पर अर्जेंटीना के समर्थकों को धन्यवाद दे रही थी और शायद माफी भी मांग रही थी।
अर्जेंटीना को फ्रांस के खिलाफ 2022 विश्व कप में खिताबी जीत और दो बार कोपा अमेरिका खिताब दिलाने में सूत्रधार रहे मेस्सी स्पेन का गोल होने के बाद सिर झुकाये और कमर पर हाथ रखकर स्तब्ध खड़े रहे।
बार्सीलोना और पेरिस सेंट जर्मेन के साथ 12 लीग और चार चैम्पियंस लीग खिताब जीतने के बाद मेस्सी ने जब यूरोपीय फुटबॉल से विदा लेकर तीन साल पहले एमएलएस का रूख किया तो लोगों को लगा कि वह रिटायर होकर अमेरिका में बस जायेंगे।
लेकिन वह एक बार फिर अर्जेंटीना को विश्व कप फाइनल तक ले गए जिनमें उनके खाते में आठ गोल आये और चार में वह सहायक रहे।
इसे भी पढ़ें: Parliament Monsoon Session | हंगामेदार शुरुआत के आसार: नीट लीक, अयोध्या चंदा घोटाला और मणिपुर पर टकराव तय; विपक्ष के तेवर कड़े
विश्व कप में उनके 21 गोल हो गए हैं और शनिवार को तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे (22 गोल) के आगे निकलने तक वह शीर्ष पर थे।
तीन विश्व कप फाइनल खेलने वाले पहले खिलाड़ी मेस्सी के 125 अंतरराष्ट्रीय गोल हैं और वह सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146) से पीछे हैं।
पेले और माराडोना की लीग में शामिल मेस्सी ने 2016 कोपा अमेरिका फाइनल में चिली के खिलाफ शूटआउट में मिली हार के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदा ले ली थी लेकिन 47 दिन बाद वापसी की और 2022 में अर्जेंटीना को तीसरी बार विश्व कप दिलाया।
इसे भी पढ़ें: US-Iran War | शहीदों का बदला, ईरान में तबाही! आग की लपटों में घिरा होर्मुज… Donald Trump बोले- ‘हमारी सेना का प्रतिशोध है!’
स्पेन के खिलाड़ी आखिरी सीटी बजने के बाद मेस्सी को ढांढस बंधाने आये। मेस्सी मैदान पर बैठ गए और हाथ पीछे रखकर एकटक देखते रहे। उपविजेता का पदक लेने आये तो मुस्कुराने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।
फिर अपने विचारों में खोये हुए, दुख को छिपाने की कोशिश करते मैदान के एक कोने के निकास से चुपचाप बाहर चले गए। विश्व कप से शायद आखिरी बार।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.