पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने बाबर आजम को जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा है कि वह सोशल मीडिया पर बड़े खिलाड़ी हैं। उनके प्रदर्शन पर पूर्व खिलाड़ी ने निराशा जाहिर की है।
पाकिस्तान ने गंवाए लगातार दो टेस्ट
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम इंग्लैंड दौरे पर पहला मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें सीरीज शुरू होने से पहले प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी थी। हालांकि दूसरे मैच में उन्होंने वापसी की लेकिन उन्होंने खुद बताया था कि वह पूरी तरह फिट नहीं हैं। लॉर्ड्स में वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। अनुभवी बल्लेबाज ने पहली पारी में 8 और दूसरी में 6 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान को दूसरे मैच में 194 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले टीम को पहले मुकाबले में पारी और 103 रनों से हार मिली थी। लीड्स और लॉर्ड्स में दो शर्मनाक हार से पाकिस्तान क्रिकेट में घमासान मच गया है। टीम के प्रदर्शन पर उठे सवालों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सात खिलाड़ियों को बदलने का बड़ा फैसला लिया। इसके साथ ही दौरे के बीच में मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को भी हटा दिया गया।
पिछले कुछ समय से बाबर आजम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। वह लंबे समय से टेस्ट शतक नहीं लगा पाए हैं और इस वजह से सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने पिछली बार दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया था। पाकिस्तान के मौजूदा समय के सबसे बड़े खिलाड़ी होने के बावजूद वह चार साल से शतक नहीं लगा सके हैं।
फैन फॉलोइंग में बड़े खिलाड़ी
बासित अली ने अपने यूट्यूब शो द गेम प्लान में कहा, ”वे ऐसे ही महान खिलाड़ी नहीं बन गए। मैं सचिन तेंदुलकर की बात भी नहीं कर रहा। मैं अपने देश के लोगों के बारे में बात कर रहा। जब आप मुश्किल समय में कुछ नहीं करते हैं, तो क्या मतलब है? आप अपने फैन फॉलोइंग में बड़े खिलाड़ी हैं। सोशल मीडिया के सामने आप महान खिलाड़ी हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”आप कब करेंगे? मैं बाबर आजम की बात कर रहा हूं। मैं नाम लूंगा। उन्होंने चार सालों में शतक (टेस्ट) नहीं लगाया है। आप कब करेंगे? यह दर्द की बात है। जब पूरे देश की बल्लेबाजी आप पर निर्भर करती हो तो कम से कम ऐसे शॉट खेलकर आउट मत हो।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.