मिस्र ने 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमास हमले की चेतावनी इजराइल को पहले ही दे दी थी। वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्र की खुफिया एजेंसी के प्रमुख अब्बास कामेल ने हमले से कुछ दिन पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया था। उन्होंने गाजा से बड़े हमले की आशंका जताई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्र ने इजराइल को पहली चेतावनी जून 2023 में दी थी। इसके बाद सितंबर में भी आगाह किया गया। हमले से कुछ दिन पहले नेतन्याहू के कार्यालय में फोन कर तीसरी बार चेतावनी दी गई थी। हालांकि, यह साफ नहीं है कि इन चेतावनियों के बाद इजराइल ने क्या कदम उठाए थे। मिस्र ने हमास से बातचीत शुरू करने को कहा था WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्र ने जून 2023 में गाजा के हालात पर चिंता जताई थी। उसने इजराइल से हमास के साथ बातचीत फिर शुरू करने को कहा था। यह बातचीत बंधकों और कैदियों की अदला-बदली को लेकर होनी थी। सितंबर 2023 में अब्बास कामेल इजराइल गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने वहां के अधिकारियों को बताया कि गाजा के हालात गंभीर हैं। उन्होंने चेताया कि स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है। लेकिन इजराइली अधिकारियों ने उनसे कहा कि हालात नियंत्रण में हैं। इसके कुछ दिन बाद कामेल ने नेतन्याहू के कार्यालय को फोन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने गाजा से बड़े हमले की आशंका को लेकर फिर चेतावनी दी। हालांकि, इन चेतावनियों में हमले का सही समय, निशाने और उसके पूरे प्लान की जानकारी होने की बात सामने नहीं आई है। नेतन्याहू ने चेतावनी मिलने से इनकार किया था नेतन्याहू पहले कह चुके हैं कि हमले से पहले उन्हें मिस्र के खुफिया प्रमुख से सीधे कोई चेतावनी नहीं मिली थी। ऐसे में नई रिपोर्ट के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या नेतन्याहू को हमले की आशंका के बारे में पहले से जानकारी थी। यह भी सवाल है कि मिस्र की ओर से मिली जानकारी इजराइल की सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंची थी या नहीं। UAE के राष्ट्रपति ने भी नेतन्याहू को चेताया था इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) की एक रिपोर्ट में भी दावा किया गया था कि UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने सितंबर 2023 में नेतन्याहू को हमास के संभावित बड़े हमले के बारे में बताया था। रिपोर्ट में बातचीत की जानकारी रखने वाले दो लोगों के हवाले से यह बात कही गई थी। NYT के मुताबिक, इजराइल के पांच पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा था कि UAE की यह चेतावनी देश के सुरक्षा तंत्र के शीर्ष अधिकारियों तक नहीं पहुंची थी। नेतन्याहू ने UAE से जुड़ी चेतावनी के आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने उस रिपोर्ट को पूरी तरह झूठ बताया था। हमले से पहले क्या-क्या जानकारी मिली थी? 7 अक्टूबर 2023 को हमास के लड़ाकों ने गाजा सीमा पार कर इजराइली लोगों और सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। इस दौरान कई लोगों को बंधक भी बनाया गया था। द अटलांटिक की रिपोर्ट के मुताबिक, अब्बास कामेल ने 26 सितंबर 2023 को इजराइल का दौरा किया था। यह हमले से 11 दिन पहले की बात है। रिपोर्ट में कहा गया कि कामेल ने गाजा में हमले की तैयारियों को लेकर चेतावनी दी थी। उन्होंने तनाव कम करने के कदम उठाने की अपील भी की थी। जेरूसलम पोस्ट ने WSJ की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि मिस्र ने इजराइल को कम से कम तीन बार चेतावनी दी थी। हालांकि, रिपोर्टों से यह साबित नहीं होता कि इजराइल को हमले की पूरी योजना पहले से पता थी। अब मुख्य सवाल यह है कि नेतन्याहू तक कौन-सी जानकारी पहुंची थी, सुरक्षा एजेंसियों को क्या बताया गया था और चेतावनियों के बाद क्या कार्रवाई हुई थी। इन सवालों पर अभी पूरी तस्वीर साफ नहीं है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.