बेंगलुरु की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप E3 Electric.AI ने भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर E3 ट्रियोन लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह देश का पहला एआई-पावर्ड मॉड्यूलर इलेक्ट्रिक स्कूटर है।
165 km है स्कूटर का रेंज
कंपनी ने E3 ट्रियोन को कुल तीन वैरिएंट्स C1, C1x और C2 में पेश किया है। इसके बेस वैरिएंट C1 में 2.3 kWh की रिमूवेबल (निकलने वाली) बैटरी दी गई है, जिसे घर या ऑफिस में आसानी से चार्ज किया जा सकता है। वहीं, C1x और C2 वैरिएंट्स में 3 kWh की फिक्स्ड बैटरी मिलती है। बता दें कि C1x वैरिएंट सिंगल चार्ज में 165 किलोमीटर की बेहतरीन आईडीसी (IDC) रेंज देने का दावा करता है। टॉप वैरिएंट C2 परफॉर्मेंस लवर्स के लिए है। इसकी टॉप स्पीड 82 किमी/घंटा है। यह महज 6 सेकंड में 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है।
AI टेक्नोलॉजी और धांसू फीचर्स
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसका एआई-बेस्ड प्रेडिक्टिव इंटेलिजेंस सिस्टम है। इसमें ‘E3 कमांडसेंटर’ तकनीक दी गई है, जो सफर के दौरान गाड़ी की हेल्थ पर नजर रखती है। साथ ही खराबी आने से पहले ही अलर्ट जारी कर देती है। स्कूटर में 5-इंच की डिस्प्ले के साथ ‘ट्रिपसेंस’ इंटेलिजेंट कॉकपिट दिया गया है, जो स्मार्टफोन से आसानी से कनेक्ट हो जाता है। इसमें 10-सेकंड में गाड़ी की जांच करने वाला AI Healthscan, स्मार्ट ट्रिप प्लानर, लाइव नेविगेशन, रिमोट बैटरी मॉनिटरिंग, डैशकैम और SOS असिस्टेंस जैसे 100 से भी ज्यादा मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं।
कुछ ऐसी है डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो E3 ट्रियोन का लुक काफी हद तक स्पेस साइंस और ‘मार्स रोवर’ (Mars Rover) से प्रेरित लगता है। यह इसे सड़कों पर एक मजबूत और अलग पहचान देता है। भारतीय सड़कों के गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों को ध्यान में रखते हुए इसमें 14-इंच के बड़े व्हील्स दिए गए हैं। ये बड़े पहिए न केवल शहर की सड़कों पर बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी बेहतरीन ग्रिप, स्टेबिलिटी और संतुलित राइडिंग अनुभव देते हैं।
वारंटी और कंपनी का दावा
ई3 इलेक्ट्रिक.एआई के संस्थापक और सीईओ संजीव पी. के अनुसार, इस स्कूटर को भारतीय परिवारों की रेंज, सेफ्टी और मेंटेनेंस से जुड़ी चिंताओं को खत्म करने के लिए एआई तकनीक के साथ ग्राउंड-अप डिजाइन किया गया है। ग्राहकों के भरोसे को मजबूत करने के लिए कंपनी इस स्कूटर पर 8 साल या 1 लाख किलोमीटर तक की लंबी एक्सटेंडेड वारंटी भी ऑफर कर रही है। आधुनिक तकनीक, बेहतर माइलेज और मजबूत बनावट के साथ यह स्कूटर बाजार में एथर, ओला और टीवीएस आईक्यूब जैसे स्थापित ब्रांड्स को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.