केरलम में भारी बारिश के साथ मिट्टी धंसने, भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने के कारण पांच लोगों की मौत एवं दो अन्य के लापता होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक बयान में कहा कि सतीशन के निर्देश के बाद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आयुक्त वी. विघ्नेश्वरी ने स्थिति की समीक्षा के लिए इडुक्की और कोट्टायम जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। बयान में कहा गया है कि इडुक्की और कोट्टायम में मौसम की स्थिति के संबंध में संदेश भेजकर लोगों को सतर्क किया गया है तथा जिलाधिकारियों को स्थिति का आकलन करने एवं लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने सहित आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मलप्पुरम जिले के उस निलांबुर-अमरमबलम क्षेत्र में आपदा प्रबंधन बल की एक विशेष टीम को तुरंत तैनात करने का भी निर्देश दिया, जहां कोट्टापुझा नदी में पांच लोग बह गए थे। रविवार शाम नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों का एक समूह बह गया, जिनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं और दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति को एक स्थानीय निवासी ने बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, वंडूर निवासी ये लोग नदी में नहाने गए थे, तभी अचानक बाढ़ आने से पानी का स्तर बढ़ गया और वे बह गए। पुलिस ने बताया कि रविवार को कोट्टायम जिले में तीकोय के पास वेलाथुस्सेरी में भूस्खलन के कारण तमिलनाडु की एक महिला की मौत हो गई और उसकी दोस्त घायल हो गई। मृतक की पहचान चेन्नई के जवाहर नगर निवासी संगीता अरुल लाल (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि संगीता और उसकी दोस्त वागामोन से लौट रही थीं, तभी शाम को भूस्खलन हो गया। पुलिस के अनुसार, सड़क पर मिट्टी और मलबा आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से स्कूटर चला रही संगीता की मौत हो गई और उसकी दोस्त घायल हो गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले रविवार को इडुक्की जिले के कोट्टाकंबूर में भूस्खलन के कारण एक शेड ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि तीनों अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे बारिश से बचने के लिए शेड में रुके थे, तभी भूस्खलन के कारण मिट्टी और मलबा नीचे आ गया और शेड क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तीनों उसके नीचे दब गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को अगले चार दिन में केरलम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे बढ़ते तापमान और बिजली कटौती का सामना कर रहे राज्य को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 20 से 21 सितंबर तक केरलम में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
आईएमडी ने कोट्टायम और इडुक्की में जारी चेतावनी का स्तर ‘येलो’ से बढ़ाकर ‘ऑरेंज’ कर दिया है। ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब 11 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी है, जबकि ‘येलो अलर्ट’ छह से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश को दर्शाता है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, केरलम में इस साल मानसून कमजोर रहा है और एक जून से 17 सितंबर के बीच सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.