पेट्रोल-डीजल के साथ कारों की कीमतें महंगे होने के बावजूद जुलाई, 2026 में बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है। बता दें कि इस दौरान भारत में 33 पर्सेंट की सालाना बढ़ोतरी के साथ करीब 4.7 लाख कारों की बिक्री हुई।
50% बढ़ी सीएनजी कारों की बिक्री
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी ने जुलाई महीने में कुल 2,41,421 गाड़ियां बेचीं। कंपनी की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 34 पर्सेंट की बड़ी बढ़त दर्ज की गई है। मारुति के अनुसार, कारों की बढ़ती कीमतों का असर एंट्री-लेवल सेगमेंट पर जरूर पड़ा है, लेकिन सीएनजी गाड़ियों ने इस कमी को पूरा कर दिया। मारुति की सीएनजी कारों की बिक्री में सालाना आधार पर 50 पर्सेंट का शानदार उछाल आया है। कंपनी के पास अभी भी 1.20 लाख सीएनजी कारों की पेंडिंग बुकिंग है। जबकि नई ब्रेजा के लिए हर दिन 2,000 नई बुकिंग मिल रही हैं।
हुंडई ने बनाया नया इतिहास
हुंडई इंडिया के लिए भी जुलाई, 2026 का महीना ऐतिहासिक साबित हुआ। कंपनी ने कुल 75,360 गाड़ियां बेचकर अब तक की अपनी सबसे बड़ी मंथली सेल दर्ज की है। इसमें 25.4 पर्सेंट की सालाना बढ़ोतरी देखी गई है। हुंडई की घरेलू बिक्री 23.3 पर्सेंट बढ़कर 54,210 यूनिट्स हो गई। वहीं, विदेश भेजे जाने वाले वाहनों में भी 31.4 पर्सेंट का उछाल दर्ज किया गया। यह आंकड़ा 21,150 यूनिट्स पर पहुंच गया। हुंडई का कहना है कि यह रिकॉर्ड बिक्री ग्राहकों के अटूट भरोसे को दिखाती है।
114% बढ़ी टाटा ईवी की बिक्री
टाटा मोटर्स के लिए जुलाई का महीना जबरदस्त कमाई और रिकॉर्ड ग्रोथ लेकर आया। टाटा की पैसेंजर व्हीकल बिक्री में 59 पर्सेंट की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी ने इस दौरान कुल 63,760 गाड़ियां बेचीं। जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 40,175 यूनिट्स का था। टाटा की इस कामयाबी में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EVs) का सबसे बड़ा योगदान रहा। बता दें कि जुलाई, 2026 में टाटा मोटर्स की ईवी बिक्री में 114 पर्सेंट का बहुत बड़ा उछाल। यह आंकड़ा बढ़कर 15,217 यूनिट्स तक पहुंच गई।
देसी महिंद्रा भी खूब बिकीं
देश की प्रमुख एसयूवी निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी जुलाई में बहुत मजबूत प्रदर्शन किया है। महिंद्रा ने घरेलू मार्केट में सालाना आधार पर 20 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 60,048 गाड़ियां बेचीं। अगर एक्सपोर्ट को भी मिला दें, तो महिंद्रा ने कुल 60,887 गाड़ियां बेची हैं। कुल मिलाकर देखें तो महंगे तेल और कारों के बढ़ते दामों के बाद भी भारतीय ऑटो मार्केट में खरीदारी का माहौल बहुत शानदार बना हुआ है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
