दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने 2026 के दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव से पहले विश्वविद्यालय परिसर में चुनाव प्रचार पर रोक लगाने और कॉलेजों व छात्रावासों में सुरक्षा कड़ी करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ये फैसले सोमवार को हुई एक ऑनलाइन बैठक में लिए गए, जिसमें डीयू कॉलेजों के प्राचार्य, डीन, निदेशक, छात्रावास के अधिकारी, विभागाध्यक्ष और दिल्ली पुलिस के अधिकारी शामिल हुए।
डूसू चुनाव 18 सितंबर को होने हैं और नामांकन की अंतिम तारीख 10 सितंबर है। दिशा-निर्देशों के तहत चुनाव प्रचार के लिए एक समय में विश्वविद्यालय या कॉलेज परिसर में अधिकतम पांच लोगों को ही जाने की अनुमति होगी, बशर्ते इससे पढ़ाई प्रभावित न हो। विश्वविद्यालय ने प्रचार के दौरान लड़कों को लड़कियों के कॉलेजों व छात्रावासों में प्रवेश करने पर भी रोक लगा दी है, हालांकि उम्मीदवारों को इसमें छूट दी गई है।
चुनाव के दौरान नॉर्थ और साउथ कैंपस के साथ-साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों से जुड़ी सड़कों पर वाहन खड़े करने पर भी रोक रहेगी। विश्वविद्यालय ने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी और पुलिस की गश्त करने वाली गाड़ियां चौबीस घंटे उपलब्ध रहेंगी। विश्वविद्यालय के अनुसार बाहर से आने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए पुलिस सुरक्षा बैरिकेड के पास प्रवेश रजिस्टर भी रखेगी।
विश्वविद्यालय ने छात्रावासों के नियम भी और कड़े कर दिए हैं, जिनके तहत छात्रों और छात्राओं दोनों के छात्रावासों में बाहर से आने वाले अतिथियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। छात्रावास की कैंटीन पर भी नजर रखी जाएगी और वहां बाहर के लोगों को आने की अनुमति नहीं होगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.